#Padmaavat: सुप्रीम कोर्ट ने वकील की याचिका पर तत्काल सुनवाई से किया इनकार
नई दिल्ली। संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' को लेकर विवाद थमता नहीं दिख रहा है। जहां करणी सेना फिल्म रिलीज के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रही है। वहीं कई शहरों में इस मामले को लेकर मॉल और सिनेमाघरों में तोड़फोड़ भी हुई है। इस बीच फिल्म 'पद्मावत' को लेकर वकील मनोहर लाल शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की। जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर सोमवार को सुनवाई की बात कही है।

वकील मनोहर लाल शर्मा ने दायर की थी याचिका
फिल्म 'पद्मावत' को लेकर बढ़ते विवाद के बीच वकील मनोहर लाल शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की। शर्मा ने अपनी याचिका में फिल्म 'पद्मावत' के कुछ सीन्स हटाने की अपील की थी, हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर तुरंत सुनवाई से इंकार कर दिया। सर्वोच्च कोर्ट इस मामले पर सोमवार को सुनवाई करेगा।

25 को रिलीज हो रही फिल्म 'पद्मावत'
बता दें कि फिल्म 'पद्मावत' की रिलीज को लेकर हंगामा लगातार जारी है। फिल्म 25 जनवरी को फिल्म रिलीज होने वाली है लेकिन उसके पहले देश के अलग-अलग हिस्सों में इसके खिलाफ हिंसक प्रदर्शन जारी है। गुजरात के अहमदाबाद में कई मॉल्स में आगजनी और तोड़फोड़ की गई है। वहीं करणी सेना के सरंक्षक लोकेंद्र सिंह कल्वी ने बुधवार को एक बार फिर कहा है कि फिल्म पद्मावत को रिलीज नहीं होने दिया जाएगा। कल्वी ने कहा कि हंगामा कर रहे कार्यकर्ता हमारे ही हैं और इसके लिए माफी का कोई प्रश्न नहीं उठता है।

करणी सेना कर रही फिल्म का विरोध
लोकेंद्र सिंह कल्वी ने कहा कि समाज विचलित है, इसलिए सड़कों पर है। कल्वी ने कहा कि पद्मावती मेरी मां है और मां के लिए कोई समझौता नहीं होगा। पद्मावती ये देखकर आज रो रही होंगी। कल्वी ने अपनी गिरफ्तारी होने की भी बात कही। कल्वी ने कहा कि ये फिल्म किसी भी राजपूत को नहीं दिखाई गई है इसलिए हमें फिल्म देखने वाली कमेटी पर संदेह है। उन्होंने कहा कि फिल्म को लेकर जनता कर्फ्यू लगाया जा रहा है और ये जनता खुद कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications