पी चिदंबरम बोले- केंद्र ने उपचुनाव के नतीजों के चलते घटाए पेट्रोल-डीजल के दाम
नई दिल्ली, 4 नवंबर: कांग्रेस सांसद पी चिंदबरम ने कहा है कि देश में हाल ही में उपचुनावों ने भारतीय जनता पार्टी को झटका दिया है। यही वजह है कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को कम किया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने ट्वीट कर ये बात कही है।

पी चिंदबरम ने गुरुवार को किए ट्वीट में कहा, हमने कई बार कहा है कि ईंधन की ज्यादा कीमतें बेतहाशा थोपे गए टैक्स की वजह से हैं क्योंकि केंद्र सरकार अपने लालच में लगातार कर बढ़ाती रही है। अब इस बात की पुष्टि हो गई है। 30 विधानसभा और तीन लोकसभा सीटों के उप-चुनावों के परिणामों से एक और नतीजा निकला है। ये है कि केंद्र ने पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती कर ली है।
प्रियंका ने भी साधा केंद्र पर निशाना
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार के पेट्रोल पर 5 और डीजल पर 10 रुपए एक्साइज ड्यूटी घटाने का फैसले को डर का नतीजा बताया है। मोदी सरकार के इस फैसले पर तंज कसते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार ने डर की वजह से पेट्रोल-डीजल के दामों में कटौती की है। उन्होंने कहा कि यह दिल से नहीं डर से लिया गया है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने इसे जुमलानॉमिक्स कहा है। सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, पहले 2021 में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 28 और 26 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि कर दो और उसके बाद 5 और 10 रुपये घटा दो क्या इसे दिवाली का गिफ्ट करें।
केंद्र ने कम किया है टैक्स
पेट्रोल और डीजल के लगातार बढ़ते दामों के बीच केंद्र सरकार ने बुधवार को पेट्रोल डीजल पर टैक्स कम किया है। दिवाली से एक दिन पहले सरकार ने पेट्रोल पर 5 रुपए और डीजल पर 10 रुपए एक्साइज ड्यूटी कम करने का ऐलान किया। केंद्र की ओर से कीमतों में कमी के बाद नई कीमतें आज से लागू हो गई हैं। केंद्र ने राज्यों से भी वैट कम करने की अपील की। जिसके बाद कई राज्यों ने भी वैट की दरों में कटौती की घोषणा कर दी। इनमें उत्तर प्रदेश, गुजरात, बिहार, उत्तराखंड, गोवा कर्नाटक, असम, मणिपुर और त्रिपुरा शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications