J&K के लोगों को जो मिलना है वो भारत से ही मिलेगा, कहीं और से नहीं: महबूबा मुफ्ती
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर विधानसभा में आज राज्यपाल के संबोधन के जवाब में बोलते हुए जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि जम्मू कश्मीर के लोगों को यह बात याद रखना चाहिए की इन्हें जो भी मिलेगा इस मुल्क से ही मिलेगा कहीं और से नहीं। महबूबा ने कहा, 'हम जम्मू कश्मीर के संविधान को, मुल्क के संविधन को नहीं मानते तो किस को मानते हैं? फिर आपको मिलने वाला क्या है? कहां से मिलेगा? मैं आज रिकॉर्ड पर ये बात लाना चाहती हूं कि जम्मू कश्मीर के जो भी लोग हैं उन्हें जो मिलने वाला है इसी मुल्क से मिलेगा और कहीं से कुछ नहीं मिलेगा।'

राजनीतिक मुद्दे को धार्मिक न बनाया जाए
महबूबा ने कहा, 'एक जो राजनीतिक मुद्दा है उसे धार्मिक मुद्दे की तरह हाईजैक ना किया जाए। मुल्क में क्या हो रहा है, क्या नहीं हो रहा है, मगर हमारे गठबंधन में हार्मोनी है। इतना अच्छा लगता है जब सुबह मंदिर की घंटी, उसके बाद अजान और दिन को गुरबानी सुनती हूं।'

जम्मू कश्मीर देश की सबसे सशक्त विधानसभा
महबूबा ने आगे कहा, 'हमारी विधानसभा देश की सबसे सशक्त विधानसभा है। जीएसटी कानून पूरे देश में एक साथ लागू कर दिया गया है लेकिन इसे जम्मू कश्मीर में लागू नहीं किया गया है। यहां यह इस विधानसभा में उचित बहस के बाद ही लागू होगा।'

विपक्ष ने महबूबा के भाषण का किया बहिष्कार
इससे पहले विधानसभा में महबूबा मुफ्ती के भाषण का विरोध करते हुए बहिष्कार किया। विपक्ष महबूबा से हाल ही में कुलगाम जिले में सेना के साथ हिंसक झड़प में मारे गए युवक की मौत पर बयान की मांग कर रहा था। उमर अब्दुल्ला ने विधानसभा में युवक की मौत का मामला उठाया जिसके बाद सदन में काफी हंगामा देखने को मिला। महबूबा मुफ्ती जब भाषण देने आई तो नेशनल कांफ्रेस और कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष ने उनके भाषण का बहिष्कार किया।












Click it and Unblock the Notifications