OPINION: तेलंगाना में निवेश के लिए उत्साहित हैं दिग्गज अंतरराष्ट्रीय कंपनियां
तेलंगाना निवेश के मामले में अब वैश्विक मानचित्र पर अपनी जगह बना चुका है। दुनिया भर की दिग्गज कंपनियां राज्य में अपना कारोबार शुरू करने और विस्तार के लिए उत्साहित हैं।

तेलंगाना आज निवेश के क्षेत्र में ग्लोबल डेस्टिनेशन बनकर उभरा है। दुनिया भर की बड़ी कंपियां राज्य में निवेश करने के लिए आतुर हो रही हैं। तेलंगाना के आईटी, उद्योग और निगम प्रशासन मंत्री केटी रामा राव अभी अमेरिका दौरे पर हैं। वहां उनकी दुनिया की बड़ी और मशहूर कंपनियों के अधिकारियों के साथ चर्चा चल रही है। अमेरिकी कंपनियां तेलंगाना में निवेश के लिए उत्साहित और उतावली हैं। कई बड़ी कंपनियों ने राज्य में और ज्यादा निवेश एवं विस्तार का ऐलान भी किया है। इन्हीं में कस्टमर सर्विस में दुनिया की दिग्गज कंपनी VXI सॉल्यूशंस भी शामिल हैं, जो तेलंगाना में बड़े निवेश के लिए तैयार है।

अमेरिका दौरे पर हैं मंत्री केटीआर
अमेरिका दौरे पर गए तेलंगाना के मंत्री केटीआर की वहां कई अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें हो रही हैं। उन्होंने न्यूयॉर्क में निवेशकों के एक गोलमेज सम्मेलन को भी संबोधित किया है। उन्होंने निवेशकों से कहा है कि तेलंगाना में सभी तरह के कारोबार के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं। यह राज्य आज भारत के आदर्श इंवेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में उभर कर खड़ा हुआ है।

निवेश के लिए मजबूत इको-सिस्टम तैयार
तेलंगाना आज इंवेस्टमेंट हब बना है तो इसके पीछे बड़ी वजहें हैं। राज्य की नीतियां प्रगतिशील और उद्योग-अनुकूल हैं। यहां निवेश के लिए मजबूत इकोसिस्टम तैयार हो चुका है। राज्य ने 14 प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान की गई है। न्यूयॉर्क में भारतीय दूतावास और यूएस इंडिया स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप फोरम के ओर से संयुक्त रूप से आयोजित एक बैठक में मंत्री केटीआर ने तेलंगाना में उपलब्ध विशेष सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी है।(दूसरी-तीसरी तस्वीर सौजन्य: @MinisterKTR)
निवेश बढ़ने से रोजगार के बढ़ रहे हैं अवसर
उनकी इस यात्रा के दौरान अंतरराष्ट्रीय कंपनी VXI ग्लोबल सॉल्यूशंस हैदराबाद में अपना डिलिवरी सेंटर स्थापित करने के लिए आगे आई है। इसके माध्यम से आने वाले समय में 10 हजार लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। कंपनी ने जानकारी दी है कि पहले दो से तीन साल में ही करीब 5 हजार लोगों के लिए रोजगार का सृजन होगा। कंपनी ने यह घोषणा मंत्री के साथ चर्चा के दौरान ही कर दी है।

हैदराबाद से प्रभावित होकर आकर्षित हो रही हैं कंपनियां
इस कंपनी का मुख्यालय अमेरिका में कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स में है। यह कंपनी उत्तरी अमेरिका, एशिया, यूरोप और कैरिबियन देशों के 42 क्षेत्रों में अपना कारोबार चलाती है। VXI ग्लोबल सॉल्यूशंस का कहना है कि वह हैदराबाद के बेहतरीन और प्रगतिशील बिजनेस इको-सिस्टम को देखकर ही वहां अपना डिलिवरी सेंटर स्थापित कर रही है।

हैदराबाद में डिस्कवरी भी डंका बजाने को तैयार
केटीआर इस समय पांच दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। इस दौरान वह न्यूयॉर्क, वाशिंगटन डीसी, ह्यूस्टन और अन्य अमेरिकी शहरों की यात्रा कर चुके हैं। कई बड़ी कंपनियां पहले ही अपने नए निवेश और विस्तार की योजनाएं बता चुकी हैं। मीडिया और एंटरटेंमेंट की दिग्गज वार्नर ब्रदर्स की डिस्कवरी हैदराबाद में इंटरनेशनल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करने जा रही है।
मेडिकल उपकरण और हेल्थकेयर सेक्टर की मशहूर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी मेडट्रोनिक्स ने भी 3,000 करोड़ रुपए का निवेश किया है। कंपनी ने रिसर्च एंड डेवलपमेंट इंजीनियरिंग एंड इनोवेशन सेंटर (MEIC) के विस्तार के लिए भी 3,000 करोड़ रुपए के निवेश की घोषणा की है। यह सब कुछ उदाहरण हैं, जिससे पता चलता है कि कैसे सिर्फ 9 वर्षों में तेलंगाना के प्रति दुनिया का नजरिया बदला है और यह राज्य अब बिजनेस के नजिरए से भी वैश्विक मानचित्र पर अपनी जगह बना चुका है।












Click it and Unblock the Notifications