Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

Omar Abdullah: PM मोदी की तारीफ कर J&K के CM उमर अब्दुल्ला ने कांग्रेस और INDIA bloc को दिए क्या संदेश?

Omar Abdullah: जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इरादों और उनके कार्यों की जिस अंदाज में सराहना की है, वह कांग्रेस समेत पूरे विपक्षी इंडिया ब्लॉक के लिए बहुत बड़ा संदेश है। जम्मू और कश्मीर में सत्ताधारी नेशनल कांफ्रेंस के नेता ने पीएम मोदी की तारीफ में जो बातें कही हैं, वह कांग्रेस और उसके सहयोगियों के सियासी नैरेटिव से पूरी तरह से उलट है।

उमर ने जम्मू और कश्मीर और वहां लोगों के लिए पीएम मोदी की भावना और उनसे किए गए वादे निभाने को लेकर उनके समर्पण की उन्होंने जमकर प्रशंसा की है। सबसे बड़ी बात वे जम्मू और कश्मीर में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए भी उनके मुरीद बन गए हैं। उमर की यह लाइन विपक्षी दलों की ओर से ईवीएम के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिशों की धज्जियां उड़ाने के लिए काफी है।

omar abdullah

Omar Abdullah: जम्मू और कश्मीर के सीएम ने कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक के जले पर नमक छिड़का?

उमर अब्दुल्ला ने सोनमर्ग में बने जेड मोड़ सुरंग के उद्घाटन के लिए पहुंचे पीएम के सामने उनसे जुड़ी तीन अहम बातें कीं। एक तो वे बोले, 'आपने श्रीनगर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर कहा था कि आप दिल की दूरी और दिल्ली की दूरी मिटाने के लिए काम कर रहे हैं और इससे (सुरंग के उद्घाटन से) सही में आपका काम साबित हुआ है।'

उमर के पीएम मोदी के लिए इस तरह की प्रशंसा इंडिया ब्लॉक में उनके सहयोगियों के लिए बहुत बड़े सियासी तमाचे की तरह है। लेकिन, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के लिए इससे भी बड़ी बात कह दी, जो कि कांग्रेस और उसके तमाम साथियों के लिए जले पर नमक छिड़कने से कम नहीं है।

उमर ने कहा, "उस दौरान आपने जम्मू-कश्मीर की आवाम से कहा था कि बहुत जल्द इलेक्शन होंगे और लोगों को अपने वोट के जरिए अपनी हुकूमत चुनने का मौका मिलेगा। आप अपनी बात पर कायम रहे और चार महीनों के अंदर-अंदर जम्मू-कश्मीर में आपने चुनाव करवाए, जम्मू-कश्मीर में आपने लोगों को अपनी हुकूमत चुनने का मौका दिया।"

Omar Abdullah: कहीं पे भी हुकूमत के गलत इस्तेमाल की कोई शिकायत नहीं- उमर अब्दुल्ला

उन्होंने आगे कहा, "...आज इस बात का नतीजा है कि मुख्यमंत्री की हैसियत से मैं इस प्रोग्राम में शिरकत करके आपसे बात कर रहा हूं। आपने इलेक्शन वो कराए, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सबसे बड़ी बात ये कि कहीं से भी धांधली की कोई शिकायत नहीं...कहीं पे भी हुकूमत के गलत इस्तेमाल की कोई शिकायत नहीं। एक भी पोलिंग बूथ पर कहीं पे भी रिपोलिंग की जरूरत नहीं पड़ी। इसका श्रेय आपको, आपके साथियों को और इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया को जाता है।"

Omar Abdullah: विपक्ष के तमाम बड़े नेताओं के आरोपों की उमर ने निकाल दी हवा

ऐसा कहकर उमर अब्दुल्ला ने अपनी सहयोगी कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक की पूरी नैरेटिव की ही हवा निकाल दी है, जो चुनाव को सीज करने का दावा करते हैं और चुनाव आयोग तक पर उंगली उठाने से परहेज नहीं करना चाहते।

सोनमर्ग में अपने भाषण के दौरान उमर अब्दुल्ला ने एक और बहुत ही महत्वपूर्ण बात कही है कि जो लोग देश की तरक्की नहीं चाहते, वे चुनाव हारेंगे। हालांकि, उन्होंने इस बारे में किसी का सीधा नाम नहीं लिया।

कांग्रेस के साथ-साथ अब्दुल्ला की बातें ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल,अखिलेश यादव और एमके स्टालिन जैसे नेताओं के लिए भी गहरा आघात है, जो मोदी सरकार पर देश के संघीय ढांचे पर प्रहार करने का आरोप लगाते रहे हैं।

Omar Abdullah: इंडिया ब्लॉक को भंग करने तक की कर चुके हैं वकालत

एक हफ्ते भी नहीं हुए हैं, जब उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली चुनावों के संदर्भ में विपक्षी इंडिया ब्लॉक में जारी असमंजस को देखते हुए साफ कह दिया था कि अगर सिर्फ लोकसभा चुनावों के लिए गठबंधन बनाया गया था,तो फिर इस भंग कर देना चाहिए।

जम्मू और कश्मीर में कांग्रेस उमर सरकार को बाहर से समर्थन दे रही है। क्योंकि, वह केंद्र शासित प्रदेश में गठबंधन में चुनाव तो लड़ी लेकिन उसका प्रदर्शन बहुत शर्मनाक रहा, जबकि नेशनल कांफ्रेंस ने शानदार सफलता हासिल की।

Omar Abdullah: नेशनल कांफ्रेंस के लिए कांग्रेस हुई अनुपयोगी?

90 सीटों में से 51 पर चुनाव लड़कर नेशनल कांफ्रेंस को 42 सीटें मिलीं, वहीं कांग्रेस ने तालमेल के तहत 32 सीटें तो झटक लीं, लेकिन सिर्फ 6 ही सीटें जीत सकी। राजनीति के जानकारों की मानें तो अगर नेशनल कांफ्रेंस अकेले लड़ी होती तो शायद उसे अपने दम पर पूर्ण बहुमत भी मिल सकता था, लेकिन कांग्रेस की खराब स्ट्राइक रेट ने उसे गठबंधन सरकार बनाने को मजबूर कर दिया।

2024 के अक्तूबर में चुनाव नतीजे आने के बाद खुद उमर ने कांग्रेस खिंचाई करते हुए कहा था, 'कांग्रेस के साथ हमारा गठबंधन हमारे लिए सीटें नहीं थीं। हम कांग्रेस के बिना भी सीटें जीत गए होते, शायद उनमें से एक को छोड़कर।'

इसे भी पढ़ें- Z-Morh Tunnel: इंजीनियरिंग के इस अद्भुत नमूने का PM मोदी ने किया उद्घाटन, जानिए इस सुरंग की खासियत
अब्दुल्ला ने भरोसा जताया है कि पीएम मोदी केंद्र शासित प्रदेश के लोगों को जम्मू और कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने का भी वादा कर चुके हैं और उन्हें यकीन है कि वह इसे भी निभाएंगे।

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+