बालासोर ट्रेन दुर्घटना: अब गंभीर रूप से घायल मरीज तोड़ रहे दम, बिहार के युवक प्रकाश राम की हुई मौत
ओडिशा की बालासोर ट्रेन दुर्घटना के शिकार हुए घायल लोगों की मौत का सिलसिला अब भी जारी है। ताजा जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब 7 बजकर 20 मिनट पर बिहार के रहने वाले प्रकाश राम की मौत हो गई। इस बात की जानकारी एससीएम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुधांशु शेखर मिश्रा ने दी है। इस मौत के साथ इस हादसे में मरने वालों की संख्या 290 हो गई है।
पैर का एक हिस्सा घुटने के नीचे काट दिया गया था
अधिकारियों ने बताया कि बिहार निवासी प्रकाश राम का इलाज कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सर्जरी वार्ड में चल रहा था और आज सुबह उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि उसके बाएं पैर का एक हिस्सा घुटने के नीचे काट दिया गया था लेकिन पिछले कुछ दिनों बाद उसकी हालत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि उनके सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई थी।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनो को सौंप दिया जाएगा
अस्पताल प्रशासन ने मौत की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पोस्टमार्टम के बाद शव प्रकाश के परिजनों को सौंप दिया जाएगा। लगभग 200 गंभीर रूप से घायल पीड़ितों को कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जिनमें से कई को छुट्टी दे दी गई, जबकि दो या तीन की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
81 शवों की पहचान नहीं हो पाई
इस बीच, एम्स भुवनेश्वर में संरक्षित 81 शवों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। दावेदार डीएनए टेस्ट रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, कुल 78 परिवारों ने डीएनए सैंपल दिए हैं। बता दें कि ओडिशा के बालासोर जिले में कोरोमंडल एकस्प्रेस एक मालगाड़ी और हावड़ा-बेंगलुरु से टकरा गई थी जिसमें 288 लोगों की मौत हो गई थी लेकिन अब गंभीर रूप से घायल लोगों की मौत भी होने लगी है। डॉक्टर मरीजों को बचाने की हर संभव कोशिश में लगे हैं गंभीर रूप से घायल मरीजों की स्थिति बिगड़ रही है।












Click it and Unblock the Notifications