बालासोर एफएम कॉलेज में आत्मदाह करने वाली छात्रा की मौत, CM ने कहा- 'दोषियों को मिलेगी सख्त सजा'
Odisha, self-immolation case: एक दुखद खबर ओडिशा से है, जहां के बालासोर एफएम कॉलेज में आत्मदाह करने वाली छात्रा की एम्स भुवनेश्वर में इलाज के दौरान मौत हो गई है। आपको बता दें कि बालासोर की एक 20 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर यौन उत्पीड़न के मामले में कॉलेज प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने के कारण खुद को आग लगा ली थी लेकिन सोमवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
एम्स भुवनेश्वर के बर्न सेंटर विभाग के मुताबिक मरीज को 12 जुलाई को बालासोर जिला मुख्यालय अस्पताल से लाया गया था और एम्स के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। मरीज को आईवी तरल पदार्थ, आईवी एंटीबायोटिक्स, इंटुबेशन और मैकेनिकल वेंटिलेशन पर रखा गया था।'

'बर्न आईसीयू में पर्याप्त पुनर्जीवन और गुर्दे रिप्लेसमेंट थेरेपी सहित सभी संभावित सहायक प्रबंधन के बावजूद, उसे बचाया नहीं जा सका और 14 जुलाई को रात 11:46 बजे उसे क्लीनिकली डेड घोषित किया गया।'
दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा (Odisha self-immolation case)
ओडिशा के मुख्यमंत्री चरण मांझी ने उसकी मौत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की बात कही है। उन्होंने कहा कि 'मुझे फकीर मोहन ऑटोनॉमस कॉलेज की छात्रा के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ है। सरकार द्वारा सभी जिम्मेदारियों को पूरा करने और विशेषज्ञ चिकित्सा दल के अथक प्रयासों के बावजूद, पीड़िता की जान नहीं बचाई जा सकी। मैं उनकी आत्मा की शाश्वत शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और भगवान जगन्नाथ से उनके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।'
'कॉलेज के एक वरिष्ठ प्रोफेसर ने किया प्रताड़ित'
छात्रा ने आरोप लगाया था कि 'उसे कॉलेज के एक वरिष्ठ प्रोफेसर द्वारा प्रताड़ित किया गया था, और उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।'
'आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ पहले से ही दो से चार शिकायतें थीं'
अब मृत छात्रा के पिता ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, 'आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ पहले से ही दो से चार शिकायतें थीं और कॉलेज प्रशासन ने मुझे आंतरिक समिति की रिपोर्ट का इंतजार करने के लिए कहा। मेरी मांग है कि दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए।'
प्राचार्य दिलीप घोष को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया
हालांकि संबंधित प्रोफेसर और ओडिशा कॉलेज के प्राचार्य को पुलिस अधिकारियों ने गिरफ्तार किया है। फकीर मोहन कॉलेज के प्राचार्य दिलीप घोष को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इस घटना की वजह से पूरे राज्य में आक्रोश (Odisha self-immolation case)
इस घटना ने पूरे राज्य में आक्रोश पैदा कर दिया है, विपक्षी बीजू जनता दल ने कॉलेज के प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है तो वहीं छात्रों की ओर से भी दोषियों को सजा दिलाने की मांग की जा रही है।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications