ओडिशा: कोरोना मरीजों को दी जाने वाली दवाओं की कालाबाजारी रोकने को पटनायक सरकार ने बनाई कमेटी
भुवनेश्वर, 17 अप्रैल: कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों के साथ ही इस बीमारी में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की किल्लत देखी जा रही है। खासतौर से रेमडेसिविर इंजेक्शन को कई गुना दामों पर बेचे जाने और कालाबाजारी की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इसी को देखते हुए ओडिशा की नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली सरकार ने एक हाईलेवल कमेटी बनाई है। ये कमेटी इस बात को सुनिश्चित करने के लिए काम करेगी कि रेमडेसिविर और कोरोना मरीजों के लिए जरूरी दूसरी दवाओं की ब्लैक मार्केटिंग ना हो।

Recommended Video
ओडिशा सरकार ने शुक्रवार को इस उच्च-स्तरीय समिति का गठन किया। इस समिति में तीन सदस्य हैं। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, अपराध शाखा की अध्यक्षता में ये तीन सदस्यीय राज्य स्तरीय समिति बनी है। वहीं ड्रग्स कंट्रोलर इस कमेटी के संयोजक होंगे। ये कमेटी बाजार पर कड़ी निगरानी रखेगी और कोविड के इलाज के लिए आवश्यक दवाओं की कालाबाजारी रोकने को कदम उठाएगी। इस कमेटी में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव के पद से नीचे की रैंक का कोई सदस्य नहीं है।
ओडिशा गृह विभाग की ओर से जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि कोरोना के लिए आवश्यक दवाइयां और अन्य चिकित्सा आपूर्ति की कालाबाजारी की हाल के दिनों में लगातार शिकायतें मिली हैं। जिसके बाद इस पर काबू के लिए ये कमेटी बनाई गई है। ये कमेटी ना सिर्फ कालाबाजारी करने वालों पर कार्रवाई करेगी बल्कि साथ ही जरूरी दवाओंकी उपलब्धता की जिलेवार स्थिति की निगरानी करेगी।
तेजी से बढ़ रहा है कोरोना
देश में कोरोना के लगातार दो लाख से ज्यादा नए केस आ रहे हैं। शनिवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि पिछले 24 घंटों में 234,692 नए कोरोना केस आए और 1341 संक्रमितों की जान चली गई है। देश में कोरोना के कुल मामले अब 1,45,26,609 हैं। जिसमें 16,79,740 सक्रिय मामले हैं। अब तक देश में कुल 1,75,649 मौतें कोरोना से हो चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications