अब राजद विधायक ने ऐश्वर्या के खिलाफ दर्ज कराई FIR,कहा-मेरे सामने उसने राबड़ी देवी को डंडे से पीटा
पटना। एक बार फिर से राजद प्रमुख लालू यादव का परिवार अपने घरेलू झगड़े की वजह से सुर्खियों में है क्योंकि लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या राय ने अपने पति, अपनी सास राबड़ी देवी और अपनी ननद मीसा भारती पर एफआईआर दर्ज कराई है, ऐश्वर्या ने आरोप लगाया है कि राबड़ी देवी ने अपनी महिला सुरक्षाकर्मियों के साथ मिलकर उनका बाल खींचा और मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया, जबकि उनकी सास और राज्य की पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने बहू के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उनके खिलाफ केस दर्ज कराया है और कहा है कि उन्हें खुद अपनी बहू से जान का खतरा है।

राजद विधायक ने ऐश्वर्या के खिलाफ दर्ज कराई FIR
इसी खींचतान के बीच एक और बड़ी खबर सामने आई है, अब राजद के विधायक शक्ति सिंह ने लालू परिवार की बहू ऐश्वर्या राय के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है, हिलसा से राजद के विधायक शक्ति सिंह यादव ने अपनी शिकायत में कहा है कि राबड़ी देवी और ऐश्वर्या राय के बीच हुई कथित मारपीट के दौरान यादव ही मौके पर मौजूद थे, यादव ने पुलिस को बताया कि उनके सामने ही ऐश्वर्या ने राबड़ी देवी पर डंडे से हमला किया और उनके साथ दुर्व्यव्हार भी किया, उन्होंने ये भी दावा किया कि इस दौरान राबड़ी देवी को काफी चोट आई हैं।

ऐश्वर्या राय से मुझे जान को खतरा: राबड़ी देवी
गौरतलब है कि तेज प्रताप की मां राबड़ी देवी ने अपनी शिकायत में कहा है कि ऐश्वर्या से उन्हें जान का खतरा है, ऐश्वर्या ने 15 दिसम्बर की शाम उन पर जानलेवा हमला किया। मुझे ऐश्वर्या से जान का खतरा है। वह रविवार की शाम आवास परिसर में बैठी हुई थी, तभी ऐश्वर्या ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया और किसी तरह वहां से भागी, जब जाकर उनकी जान बच पाई, राबड़ी का कहना है कि उनकी बहू बार-बार प्रताड़ित कर रही है।

ऐश्वर्या ने लगाया है ससुराल वालों पर दुर्व्यवहार का आरोप
जबकि ऐश्वर्या का कहना है कि मेरे-माता पिता के खिलाफ पटना के बीएन कालेज में आपत्तिजनक पोस्टर लगे थे, जिसके बारे में जब मुझे पता चला तो मैंने अपनी सास से इस बारे में जानकारी मांगी तो राबड़ी देवी भड़क गईं और उन्होंने अपनी महिला सुरक्षाकर्मी के साथ मिलकर मेरा बाल खींचकर मेरे साथ मारपीट की और मेरा मोबाइल फोन छीन लिया गया। मोबाइल में इस घटना को लेकर साक्ष्य थे। मेरा सारा सामान रखकर सुरक्षाकर्मियों की मदद से मुझे घसीटते हुए अपने घर से बाहर निकाल दिया गया, गौरतलब है कि यह दूसरी बार है जब ऐश्वर्या ने अपने ससुराल वालों पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications