उत्तर सिक्किम में भारी भूस्खलन, प्रमुख मार्गों से संपर्क टूटने से 1,000 पर्यटक फंसे, बचाव कार्य जारी
North Sikkim Landslide: उत्तर सिक्किम में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गुरुवार, 24 अप्रैल को लैंडस्लाइड की घटना सामने आ रही है जिसमें भारी संख्या में पर्यटक फंसें हुए हैं। बता दें कि सिक्किम के मुनशिथांग और लेमा/बॉब में भूस्खलन के कारण लगभग 1,000 टूरिस्ट इन क्षेत्रों में हैं।
यह भूस्खलन लाचेन-चुंगथांग और लाचुंग-चुंगथांग सड़कों पर हुआ, जिससे इन प्रमुख मार्गों पर आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई।

उत्तर सिक्किम के मंगन जिले के पुलिस अधीक्षक सोनम डेचु भूटिया ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में बताया कि क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है, जिससे रात के समय यात्रा करना अत्यंत जोखिमपूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा, "मुनशिथांग में लाचेन-चुंगथांग मार्ग पर और लेमा/बॉब में लाचुंग-चुंगथांग मार्ग पर बड़े स्तर पर भूस्खलन हुआ है।
चुंगथांग तक की सड़क अभी खुली है, लेकिन भारी बारिश के चलते रात में वहां पहुंचना असंभव है। इसलिए कल के लिए कोई नया परमिट जारी नहीं किया जाएगा और पहले से जारी सभी अग्रिम परमिट को रद्द कर दिया गया है।"
North Sikkim Landslide: फंसे पर्यटक, प्रमुख मार्गों से कटा संपर्क
पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी है कि लगभग 200 पर्यटक वाहन चुंगथांग में फंसे हुए हैं और उनमें सवार लोग वहीं स्थित एक गुरुद्वारे में अस्थायी रूप से रुके हुए हैं। चुंगथांग सिक्किम की राजधानी गंगटोक से लगभग 100 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
भूस्खलन के चलते लाचेन, लाचुंग और युमथांग जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों तक पहुंचने वाली सड़कों पर आवाजाही पूरी तरह से रुक गई है। यह क्षेत्र वसंत और गर्मी के मौसम में पर्यटकों के बीच अत्यधिक लोकप्रिय होते हैं, लेकिन वर्तमान स्थिति में इन मार्गों पर यात्रा करना खतरनाक हो सकता है।
North Sikkim Landslide: बचाव कार्य शुरू, यात्रा ना करने की चेतावनी
प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे इन मार्गों पर किसी भी प्रकार की यात्रा करने से परहेज करें। भारी बारिश की वजह से भूस्खलन और सड़क के धंसने का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन बल राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। फंसे हुए पर्यटकों की सहायता के लिए प्राथमिक जरूरतों की पूर्ति की जा रही है और मौसम में सुधार होने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है।
उत्तर सिक्किम में प्राकृतिक आपदा के इस संकट ने पर्यटकों और प्रशासन दोनों के लिए चुनौती उत्पन्न कर दी है। मौसम विभाग द्वारा अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications