चुनाव 2024: 'ये 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' क्या बात करेंगे', मनोज तिवारी का कन्हैया कुमार को जवाब, AAP पर भी कसा तंज
Manoj Tiwari Interview: उत्तर-पूर्वी (नॉर्थ ईस्ट) दिल्ली लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार मनोज तिवारी ने कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार पर निशाना साधा है। मनोज तिवारी ने कन्हैया कुमार के 'डिबेट' वाली चुनौती पर जवाब देते हुए कहा है कि, 'ये 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' वाले हमसे क्या बात करेंगे।'
वनइंडिया हिंदी को दिए इंटरव्यू में मनोज तिवारी ने दिल्ली लोकसभा चुनाव से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी राय रखी है। मनोज तिवारी ने आम आदमी पार्टी (AAP) और स्वाति मालीवाल पिटाई कांड पर भी प्रतिक्रिया दी है। मनोज तिवारी ने कहा है कि, ''AAP जैसी पार्टी से सम्मान की उम्मीद नहीं की जानी चाहिए।''

दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर छठे चरण में 25 मई को वोटिंग होनी है। ऐसे में मनोज तिवारी ने दावा किया है कि वो लाखों वोट से जीतने वाले हैं। मनोज तिवारी ने अपने पुराने भोजपुरी गाने को विपक्षी पार्टी द्वारा वायरल किए जाने पर भी उनकी आलोचना की है। मनोज तिवारी ने कहा कि कि जनता जानती है कि वो कैसे हैं।
मनोज तिवारी बोले- 'AAP के नेता हताश हो गए हैं'
मनोज तिवारी ने कहा, ''आम आदमी पार्टी के नेता हताश हो गए हैं...क्योंकि उनके प्रमुख (अरविंद केजरीवाल) ने कांग्रेस से हाथ मिला लिया है।'' बता दें कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस एक साथ लोकसभा चुनाव लड़ रही है। दिल्ली में आप 4 सीट और कांग्रेस 3 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
स्वाति मालीवाल मारपीट मामले पर क्या बोले मनोज तिवारी?
स्वाति मालीवाल मारपीट मामले पर मनोज तिवारी ने कहा कि, ''जिस पार्टी में महिलाओं को पीटा जाए, उससे सम्मान की उम्मीद नहीं की जा सकती है।'' स्वाति मालीवाल ने सीएम अरविंद केजरीवाल के पूर्व पीएस बिभव कुमार पर 13 मई को सीएम आवास में मारपीट करने का आरोप लगाया है।
कन्हैया कुमार पर मनोज तिवारी का तंज, 'ये लोग 'भारत तेरे टुकड़े होंगे' पर बात करेंगे...'
कन्हैया कुमार द्वारा दी गई डिबेट चुनौती पर मनोज तिवारी ने कहा कि, ''मुझे बताइए, वो किस मुद्दे पर बात करना चाहते हैं, भारत तेरे टुकड़े होंगे, इस मुद्दे पर...जो लोग टुकड़े-टुकड़े गैंग के भाव का स्वागत कर सकते हैं, वो मनोज तिवारी से क्या बात करेंगे।''
पुराने वायरल किए जा रहे वीडियो पर मनोज तिवारी ने क्या कहा?
मनोज तिवारी ने कहा,
''अच्छा है, मेरा प्रचार हो रहा है। देखिए, मनोज तिवारी का जितना नाम ले रहे हैं, वो लोग उससे और मनोज तिवारी का नाम बढ़ रहा है। लोग मनोत तिवारी का व्यवहार जानते हैं, लोग मनोज तिवारी का शिष्टाचार जानते हैं, पूरे पूर्वाचंल में लोग ये जानते हैं कि मनोज तिवारी एक ऐसा नेता है, जो मर्यादा और संस्कृति में रहता है, मेरा पूरा जीवन मर्यादा और संस्कृति में बिता है। जो लोग टुकड़े-टुकड़े गैंग के भाव का स्वागत कर सकते हैं, वो लोग मनोज तिवारी पर क्या ही बात करेंगे।''
मनोज तिवारी ने आगे कहा,
''कोई मनोज तिवारी के लिए उल्टा-सीधा कमेंट नहीं कर सकता है। मनोज तिवारी भजन के लिए जाना जाता है। मनोज तिवारी राम के हैं और राम के लिए जाने जाते हैं। पूर्वाचंल की माताएं-बहनें घर में मेरा गाना सुनती हैं।''
मनोज तिवारी बोले- 'मेरा भाव बड़े पदों पर रहना नहीं, काम करना है'
विपक्षी नेताओं की आलोचना पर मनोज तिवारी ने कहा, ''इन लोगों की आलोचना से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता है, मेरे क्षेत्र के लोग जानते हैं कि मनोज तिवारी क्या है।'' मनोज तिवारी ने कहा कि, ''मेरा भाव बड़े-बड़े पदों पर रहना नहीं है, मेरा भाव काम करना है।''
मनोज तिवारी ने जीत की अंतर पर कहा है कि, ''इस बार अंतर लाखों के पार का होगा। वो बस एक ही जगह पर विश्वास करते हैं, वो सोचते हैं कि उनकी शुरुआत ही 5 लाख से होगी। वो कहते हैं कि सारे मुस्लिम उन्हें वोट देंगे, तो मैं भी दावा कर सकता हूं कि उनकी 5 लाख से शुरुआत होगी तो, हमारी 20 लाख से होगी।''












Click it and Unblock the Notifications