#NoConfidenceMotion: राहुल ने कहा- मैं आपके लिए पप्पू हो सकता हूं, फिर मोदी से जाकर गले मिले
नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कुछ ऐसा किया जिसकी उम्मीद शायद ही किसी ने की होगी। पहले तो राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर सीधा हमला बोला, इसके बाद अपने संबोधन के खत्म होने पर खुद पीएम मोदी के पास जाकर उनसे गले मिले। खुद प्रधानमंत्री को भी इसकी उम्मीद नहीं थी कि कांग्रेस अध्यक्ष ऐसा कुछ कर सकते हैं, लेकिन राहुल ने जिस तरह से पीएम मोदी से उनकी सीट पर जाकर उनसे गले मिले, उसने संसद में हंगामे भरे माहौल को थोड़ा सा बदल जरूर दिया।

पीएम मोदी से गले मिले राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अविश्वास प्रस्ताव पर अपनी बात शुरू करते हुए मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार ने 4 सालों में देश को जुमला ही दिया है। उन्होंने रोजगार, राफेल डील समेत अलग-अलग मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश की। इस दौरान संसद में जोरदार हंगामा भी हुआ और सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।

पीएम मोदी की सीट पर जाकर मिले गले
बाद में जब संसद की कार्यवाही फिर शुरू हुई तो राहुल गांधी ने संबोधन के आखिर में कुछ ऐसा किया जिससे पूरे सदन में हंगामा मच गया। दरअसल हुआ यूं कि राहुल गांधी ने अपनी बात खत्म करते ही अपनी सीट से उठे और जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गले लग गए। इससे पहले राहुल गांधी ने कहा कि भले ही आपके अंदर मेरे लिए नफरत है, भले आप मुझे पप्पू कहिए और बहुत गालियां देकर बुला सकते हैं लेकिन मेरे अंदर आपके लिए नफरत नहीं है। यही बोलने के बाद राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी के पास पहुंचे और उनसे गले लग गए।

जब राहुल गांधी ने आंख मारी
पीएम मोदी को बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी राहुल गांधी कुछ ऐसा करेंगे। हालांकि जैसे ही उन्हें सबकुछ समझ आया उन्होंने राहुल गांधी से हाथ मिलाया और हंसकर राहुल गांधी की पीठ थपथपाई। इतना ही नहीं राहुल गांधी पीएम मोदी से गले मिलने के बाद जब अपनी सीट पर बैठे तो उनकी एक और तस्वीर सामने आई जिसमें वो आंख मारते दिखाई दिए। इस बीच राहुल गांधी के पीएम मोदी से गले लगने पर कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा कि राहुल गांधी ने पीएम मोदी को कांग्रेस की मोहब्बत का आईना दिखाया।












Click it and Unblock the Notifications