नितिन गडकरी ने मंत्रालय संभालते ही पेड़ लगाने का बनाया मेगा प्लान, हर रोज 40 किमी रोड बनाने का टार्गेट
नई दिल्ली: प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दूसरे कार्यकाल में भी नितिन गडकरी पर भरोसा जताते हुए उन्हें सड़क एवं परिवहन मंत्री बनाया है। गडकरी मोदी के उन मंत्रियों में थे जिन्होंने उनके पहले कार्यकाल में अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वाह किया। नितिन गडकरी ने कहा उन्होंने अगले एक से डेढ़ साल में हर रोज 42 किलोमीटर सड़क बनाने का लक्ष्य रखा है। पिछले आंकड़ों के मुताबिक गडकरी की देखरेख में बाजेपी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार ने हर रोज 26 किलोमीटर सड़क बनाई थी।

125 करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य
नितिन गडकरी ने कहा कि मुझे सड़क परिवहन पर काम करने का मौका मिला है। इस बार, मैंने 125 करोड़ पेड़ लगाने का फैसला किया है, जितना कि देश की आबादी है। मैं बड़े पैमाने पर सड़क के किनारे जन सुविधाएं स्थापित करने पर विचार कर रहा हूं और ऐसी 2,000 सुविधाएं स्थापित की जाएंगी।

हर रोज 42 किलोमीटर सड़क
नितिन गडकरी ने बताया कि इस बार उनका लक्ष्य हर दिन 42 किलोमीटर सड़क बनाने का है। उन्होंने कहा कि मैंने एक से डेढ़ साल तक 42 किलोमीटर रोड बनाने का टार्गेट रखा है। उन्होंने कहा कि मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर काम शुरू हो गया है और 12 अन्य एक्सप्रेसवे परियोजनाओं को अगले तीन महीनों में पूरा किया जाएगा। गडकरी अपने आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे।

रोजगार पैदा करने पर फोकस
नितिन गडकरी को सड़क एवं परिवहन मंत्रालय के साथ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME)मंत्रालय की जिम्मेदारी भी दी गई है। अपनी नई जिम्मेदारी पर उन्होंने कहा कि यह पोर्टफोलियो सबसे महत्वपूर्ण मुद्दे के साथ जुड़ा हुआ है। ये मुद्दा देश की वृद्धि और रोजगार की संभावना है। पीएम मोदी की उम्मीद है कि इस क्षेत्र से रोजगार में वृद्धि होनी चाहिए, जो अभी बहुत कम है। इसमें और रोजगार पैदा होने चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications