मोदी के गुजरात छोड़ने के बाद इन मामलों में पिछड़ रहा है प्रदेश
नई दिल्ली। नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने कहा है कि स्वास्थ्य और शिक्षा के मामले में गुजरात पिछड़ रहा है, हालांकि उन्होंने कि औद्योगीकरण के मामले में राज्य बेहतर कर रहा है। रविवार को गुजरात के सीएम विजय रूपाणी और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात के बाद उन्होंने ये बात कही। राजीव कुमार ने कहा 'गुजरात की उपलब्धियां शिक्षा और सेहत से जुड़ी सुविधाओं में वैसी नहीं हैं जैसी औद्योगीकरण, बुनियादी ढांचा और ऊर्जा के क्षेत्र में है। इन दो मामलों में राज्य पिछड़ रहा है. मैंने इस बारे में राज्य सरकार से बात की है।'

सरकार ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य पर बजटीय आवंटन बढ़ाया
राजीव कुमार ने कहा कि उन्हें सरकार से यह जानकर खुशी हुई कि 2018-19 के लिए शिक्षा एवं स्वास्थ्य पर बजटीय आवंटन बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि गुजरात इस साल स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी सफलता की योजना बना रहा है और जिला कलक्टरों से कहा गया है कि वे बाल कुपोषण एवं मातृ मृत्यु अनुपात की तरफ ध्यान दें।

जोन कांडला से जामनगर तक आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढावा
राजीव कुमार ने कहा कि नीति आयोग प्रस्तावित तटीय आर्थिक क्षेत्रों की स्थापना में गुजरात की मदद करेगा। तटीय आर्थिक क्षेत्रों का मकसद राज्य के तट के पास आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। यह जोन कांडला से जामनगर तक प्रस्तावित है।

मूंगफली खरीद में सरकार को सहयोग
राजीव कुमार ने कहा कि नीति आयोग राज्य सरकार को किसानों से मूंगफली की खरीद में सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि किसानों ने 8.5 लाख टन से ज्यादा मूंगफली का उत्पादन किया है, जिसे न्यूनतम समर्थन मूल्य से ज्यादा कीमत पर खरीदा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications