'एकता राहुल गांधी जी की ख़त्म?', उपराष्ट्रपति चुनाव में राधाकृष्णन की जीत पर निशिकांत दुबे का आया बड़ा बयान
Vice President Election Result 2025: देश के उपराष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने शानदार जीत दर्ज की है। मंगलवार, 9 सितंबर 2025 को घोषित हुए नतीजों के बाद उन्हें कुल 452 वोट मिले, जबकि विपक्ष के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 वोटों से संतोष करना पड़ा। इस परिणाम के साथ ही सीपी राधाकृष्णन ने 152 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने इस जीत पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह "नक्सलवादी सोच की हार" है।

विपक्ष टुकड़ों-टुकड़ों में बंट गया
निशिकांत दुबे ने विपक्षी इंडिया गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष "टुकड़ों-टुकड़ों में बंट गया" है। दुबे ने यह भी दावा किया कि एनडीए उम्मीदवार को विपक्ष के 15 वोट मिले, जबकि 15 विपक्षी सदस्यों ने अपने वोट बर्बाद कर दिए। उन्होंने प्रश्न किया, "एकता राहुल गांधी जी की ख़त्म हुई?"
उपराष्ट्रपति चुनाव में 15 वोट रद्द कर दिए गए?
उपराष्ट्रपति चुनाव के कुल आंकड़ों के अनुसार, कुल 767 वोट पड़े, जिनमें से 752 वैध पाए गए और 15 वोट रद्द कर दिए गए। लोकसभा और राज्यसभा में कुल 788 सांसद हैं, जिनमें से सात सीटें रिक्त थीं, जिससे कुल मतदाताओं की संख्या 781 थी। बीजू जनता दल (बीजेडी), भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और शिरोमणि अकािब अकाली दल जैसे कुछ दलों ने इस चुनाव से दूर रहने का निर्णय लिया था।

कौन से भागकर हमको यानि NDA प्रत्याशी को वोट दे दिए?
एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में, निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता जयराम रमेश के एक्स पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए तंज कसा, "मिले तो 300 ही, 15 लोग कौन से भागकर हमको यानि NDA प्रत्याशी को वोट दे दिए? भाई आपके तो जनता के साथ नेता भी भाग गए।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उपराष्ट्रपति चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से नहीं, बल्कि मतपत्रों (बैलेट पेपर) के माध्यम से संपन्न हुआ।
गौरतलब है कि मतदान प्रक्रिया मंगलवार सुबह 10 बजे शुरू होकर शाम 5 बजे समाप्त हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित 760 से अधिक सांसदों ने इस चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।












Click it and Unblock the Notifications