Nishikant Dubey का कांग्रेस पर हल्ला बोल, 'रूस से फंडिंग लेते थे कांग्रेसी, देश को बिचौलियों का गुलाम बनाया'
Nishikant Dubey On Congress: बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे का सोशल मीडिया पर हालिया पोस्ट खूब सुर्खियां बटोर रहा है। इसमें सीआईए के कुछ पुराने दस्तावेजों का हवाला देते हुए उन्होंने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दुबे ने पोस्ट में दावा किया है कि कांग्रेस नेता हरिकिशन लाल भगत के नेतृत्व में 150 से अधिक सांसदों को सोवियत रूस से फंडिंग मिलती थी। उन्होंने कहा कि उस दौर में देश रूस के गुलामों और बिचौलियों का अड्डा बन गया था। उन्होंने दावा किया कि कुछ पत्रकार भी कांग्रेसी सांसदों की तरह रूस से पैसे लेकर खबरें लिखते थे।
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने इससे पहले टीएमसी एमपी महुआ मोइत्रा पर सांसद पासवर्ड लॉगिन का गलत इस्तेमाल करने और पद के दुरुपयोग का मुद्दा उठाया था। इस मामले में महुआ की सांसदी चली गई थी। हालांकि, 2024 लोकसभा चुनाव में वह बड़ी जीत के साथ दोबारा संसद में आई हैं। दुबे ने अब कांग्रेस सांसदों और उस समय के पत्रकारों पर सोवियत रूस से फंडिंग लेने और पैसे के दुरुपयोग का मामला उठाया है।

यह भी पढ़ें: 'समाजवादी’ 'धर्मनिरपेक्ष’ शब्द हटें संविधान की प्रस्तावना से? RSS नेता ने छेड़ी बहस, कांग्रेस से माफी की मांग
Nishikant Dubey ने कांग्रेस पर लगाए कई आरोप
दुबे ने सोशल मीडिया पर कुछ दस्तावेज शेयर करते हुए आरोप लगाए हैं कि कांग्रेस पूरी तरह से करप्शन और गुलामी में लिप्त है। उन्होंने लिखा, 'यह अवर्गीकृत गुप्त दस्तावेज CIA का 2011 में जारी हुआ था। इसके अनुसार कांग्रेस के बड़े नेता स्वर्गीय HKL भगत के नेतृत्व में 150 से ज़्यादा कांग्रेस के सांसद सोवियत रुस के पैसे पर पलते थे,रुस के लिए दलाली करते थे?'
इसके बाद उन्होंने इसी ट्वीट में आगे तीन और सवाल उठाए हैं:
- पत्रकारों के समूह उनके दलाल थे और कुल 16 हज़ार न्यूज आर्टिकल का ज़िक्र है जो रुस ने छपवा?
- उस जमाने में रुस के जासूसी संस्थानों के 1100 लोग हिंदुस्तान में थे जो नौकरशाही,व्यापारी संगठनों, कम्युनिस्ट पार्टियों, ओपिनियन मेकर को अपनी पॉकेट में रखते थे। सूचना के साथ भारत की नीति बनाते थे?
- कांग्रेस की उम्मीदवार सुभद्रा जोशी ने लोकसभा चुनाव में उस वक्त 5 लाख रुपए जर्मन सरकार से चुनाव के नाम पर लिए थे। हारने के बाद इंडो जर्मन फोरम की अध्यक्ष बनीं।
- यह देश था या गुलामों,दलालों या बिचौलियों की कठपुतली कांग्रेस इसका जवाब दे,आज इसपर जांच हो या नहीं?
यह भी पढ़ें: 'इंदिरा गांधी ने 56 सैनिकों को पाकिस्तान में मरवा दिया?' शिमला समझौता पर BJP सांसद निशिकांत दुबे का गंभीर आरोप
अब इस मुद्दे पर जमकर राजनीतिक बवाल होने के पूरे आसार हैं। माना जा रहा है कि कुछ ही दिनों में मानसून सत्र होने वाला है। विपक्ष सरकार को कृषि समस्याओं, वक्फ सुधार बिल, पहलगाम हमला और ऑपरेशन सिंदूर समेत दूसरे मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है। दूसरी ओर कांग्रेस में भ्रष्टाचार और सोवियत रूस से फंडिंग का यह मामला भी सत्ता पक्ष की ओर से सदन में उठाया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications