NIA रेड: पटियाला हाउस कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को 12 दिन की रिमांड पर भेजा
नई दिल्ली। राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी की छापेमारी में गिरफ्तार किए गए 10 संदिग्धों को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया जहां से अदालत ने सभी आरोपियों को 12 दिनों की रिमांड पर भेज दिया है। NIA ने आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट के नए मॉड्यूल हरकत-उल-हर्ब-इस्लाम का भंडाफोड़ किया था। एनआईए, दिल्ली पुलिस और उत्तर प्रदेश एटीएस के सयुंक्त अभियान में बुधवार को कुल 17 जगहों पर छापेमारी की गई थी, जहां से 10 संदिग्ध गिरफ्तार किए गए थे।

NIA ने इस दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद किया था। एनआईए की टीम ने छापेमारी में 7.5 लाख रुपए बरामद किए थे। इसके अलावा 120 अलार्म घड़ियां , 100 मोबाइल, 135 सिम कार्ड, 25 पिस्टल , लैपटॉप और भारी मात्रा में मेमोरी कार्ड मिले, साथ एक सेल्फ मेड रॉकेट लान्चर भी बरामद किया गया था। एनआईए ने दिल्ली के सीलमपुर और यूपी के अमरोहा, हापुड़, मेरठ और लखनऊ में छापेमारी की थी।
एनआईए के मुताबिक, यह नया मॉड्यूल उत्तर भारत और राजधानी दिल्ली को दहलाने की प्लानिंग कर रहा था। एनआईए आईजी अशोक मित्तल ने बताया था कि संदिग्धों की मंशा रिमोट कंट्रोल डिवाइस से ब्लास्ट और फिदायीन हमले की थी। वे भीड़ वाली महत्वपूर्ण जगहों और महत्वपूर्ण लोगों पर हमले की योजना बना रहे थे। इनमें से मुख्य आरोपी एक विदेशी एजेंट के संपर्क में थे। उसकी पहचान की जानी बाकी है।












Click it and Unblock the Notifications