Good News: न्यूजीलैंड में पूरी तरह खत्म हुआ कोरोना का कहर, आखिरी मरीज भी हुआ ठीक
वेलिंगटन। पूरी दुनिया में कोरोना वायरस ने कहर मचा रखा है। इसके संक्रमण को रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन इससे मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस बीच एक अच्छी खबर आई है। न्यूजीलैंड ने इस खतरनाक वायरस से जंग जीत लिया है। जी हां न्यूजीलैंड पूरी तरह कोरोना मुक्त हो गया है। वहां के स्वास्थ्य अधिकारियों ने जानकारी दी कि कोरोना से संक्रमित देश का आखिरी मरीज भी सोमवार को ठीक हो गया और अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर चला गया।

जानकारी के मुताबिक न्यूजीलैंड में आखिरी नया मामला सामने आने के बाद से 17 दिन हो चुके हैं और सोमवार को फरवरी के अंत बाद देश में पहली बार ऐसा हुआ जब यहां कोरोना का कोई सक्रिय मामला नहीं हैं। हालांकि, स्वास्थ्य अधिकारियों ने चेताया है कि देश के बाहर से नए मामले सामने आ सकते हैं। वायरस की वजह से नागरिकों और निवासियों को छोड़कर अन्य सभी लोगों के लिए देश की सीमा बंद हैं।
आपको बता दें कि कोरोना वायरस के दस्तक के बाद न्यूजीलैंड में 25 मार्च से ही लॉकडाउन लगा हुआ था। तबसे अबतक यहां 22 लोगों की मौत हुई और 1500 लोग कोरोना संक्रमित हुए थे। कोरोना के खत्म होने का श्रेय प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न को दिया जा रहा है। जैसिंडा अर्डर्न ने कहा था कि जो इटली में हुआ वैसा वह अपने देश में नहीं होने देंगी। और सतर्कता के चलते उन्होंने ऐसा कर भी दिखाया। देश में लोकल ट्रांसमिशन नहीं हो पाया। जैसिंडा अर्डर्न ने अपने देश के लोगों से कोरोना की चैन तोड़ने के लिए टीम की तरह काम करने को कहा।












Click it and Unblock the Notifications