सुशांत राजपूत केस में नया मोड़, रिया चक्रवर्ती के खर्चों को लेकर मिली पुलिस को बड़ी जानकारी!
सुशांत सिंह राजपूत के केस में अब एक नया मोड़ आ गया है...
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद मुंबई पुलिस लगातार इस केस की जांच में जुटी हुई है। वहीं, सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती ने भी गुरुवार को ट्वीट करते हुए गृह मंत्री अमित शाह से अपील की, कि इस केस की सीबीआई जांच कराई जाए। अपने ट्वीट में रिया चक्रवर्ती ने कहा कि वो जानता चाहती हैं कि आखिर ऐसा कौन सा दबाव था, जिसकी वजह से सुशांत ने इतना बड़ा कदम उठाया है। इस बीच सुशांत केस में एक और नया मोड़ आ गया है। दरअसल खबर है कि मुंबई पुलिस अब सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती के खर्चों की जांच कर रही है।

सुशांत सिंह राजपूत के पैसे खर्च कर रहीं थी रिया?
न्यूज वेबसाइट इकोनॉमिक्स टाइम्स ने एक न्यूज पॉर्टल की रिपोर्ट के हवाले से लिखा है कि फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या रिया चक्रवर्ती, सुशांत सिंह राजपूत के पैसे खर्च कर रहीं थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस मामले में पुलिस को कुछ सबूत मिले हैं, लेकिन पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि रिया चक्रवर्ती ने कितने पैसे खर्च किए, क्योंकि इस बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिली है।

करण जौहर से पूछताछ नहीं करेगी पुलिस
वहीं, इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि हो सकता है कि पुलिस इस मामले में करण जौहर से पूछताछ ना करे, क्योंकि अभी तक जिन 35 लोगों ने अपने बयान दर्ज कराए हैं, उनमें से किसी ने भी करण जौहर पर सुशांत को परेशान करने का आरोप नहीं लगाया है। हालांकि सुशांत सिंह राजपूत के डॉक्टर और उनकी बहन मीतू से पूछताछ के लिए पुलिस तैयार है।

सुशांत के आत्महत्या करने से पहले आखिर क्या हुआ था
इसके अलावा पुलिस एक बार फिर से सुशांत सिंह राजपूत के रसोइए का बयान दर्ज करेगी। इस मामले में पुलिस ने सबसे पहले सुशांत के रसोइए से ही पुछताछ की थी। दोबारा बयान दर्ज कर पुलिस यह समझना चाहती कि सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या करने से पहले आखिर क्या हुआ था। गौरतलब है कि बीते 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई स्थित अपने अपार्टमेंट में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी।

क्या है सुशांत की मौत का सच
हालांकि पुलिस को मौके से सुशांत सिंह राजपूत का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था। वहीं, सुशांत की मौत के बाद से बॉलीवुड के कुछ बड़े सितारे भी सोशल मीडिया पर लोगों के निशाने पर हैं। सुशांत की मौत को लेकर अभिनेत्री कंगना रनौत ने एक बड़ा आरोप लगाते हुए कहा था कि सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उनका मर्डर हुआ है। कंगना ने आरोप लगाया कि बॉलीवुड में चंद लोग ऐसे हैं जो काम देने के मामले में केवल अपने करीबों लोगों को ही तवज्जो देते हैं।

क्या सुशांत ने एक महीने के अंदर 50 सिम कार्ड बदले
इस मामले में बताया जा रहा है कि सुशांत पिछले करीब 1 साल से डिप्रेशन में थे। वहीं, हाल ही में अभिनेता शेखर सुमन ने भी इस केस में एक बड़ा दावा किया। शेखर सुमन ने बिहार में सुशांत के परिवार से मुलाकत के बाद कहा कि इस मामले में जैसा नजर आ रहा है, वैसा नहीं है। शेखर सुमन ने कहा कि सुशांत ने आत्महत्या से पहले एक महीने के अंदर 50 सिम कार्ड बदले थे। शेखर ने शक जताते हुए कहा कि ऐसा कोई तभी करता है, जब किसी को धमकी मिल रही हों। उन्होंने कहा कि मौके से कोई सुशांत नोट तक नहीं मिला, तो फिर इसे आत्महत्या का केस कैसे माना गया?

भंसाली से पूछे गए 35 सवाल
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में पुलिस ने जिन लोगों से बातचीत की है, उनमें फिल्म निर्माता-निर्देशक संजय लीला भंसाली भी शामिल हैं। सूत्रों का कहना है कि पिछले दिनों करीब 2 घंटे तक चली पूछताछ में पुलिस ने संजय लीला भंसाली से 35 सवाल पूछे। इस दौरान संजय लीला भंसाली ने बताया कि उन्होंने सुशांत को 'रामलीला' और 'बाजीराव मस्तानी' फिल्मों के लिए अप्रोच किया था, लेकिन यश राज बैनर के साथ कॉन्ट्रैक्ट के चलते उनके पास डेट नहीं थी। भंसाली ने यह भी बताया कि सुशांत ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर उनसे कभी कोई बात नहीं की।

सुशांत केस में सीबीआई जांच की मांग
गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में उनके फैंस सीबीआई जांच की मांग भी कर रहे हैं। पिछले दिनों एक ट्विटर हैंडल से, जो उनके पिता केके सिंह के नाम से था, सीबीआई जांच की मांग करते हुए ट्वीट किए गए। इस ट्विटर हैंडल से सुशांत को न्याय दिलाने के लिए एक कैंपेन भी चलाया गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि ये ट्विटर अकाउंट वाकई उनके पिता का है या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications