नए संसद भवन पर पहली बार फहराया गया तिरंगा, गजद्वार पर उपराष्ट्रपति धनखड़ ने किया ध्वाजारोहण
New Parliament building Flag hoisting: भारत के उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ (Jagdeep Dhankhar) ने संसद के विशेष सत्र से एक दिन पहले आज 17 सितंबर को नए संसद भवन पर राष्ट्रीय ध्वज तिंरगा फहराया। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने नए संसद भवन के गजद्वार पर ध्वाजारोहण किया।
इस कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघावाल और वी. मुरलीधरन और दोनों सदनों में राजनीतिक दलों के नेता शामिल हुए।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा, "यह एक ऐतिहासिक क्षण है, भारत युग परिवर्तन का गवाह बन रहा है। दुनिया भारत की शक्ति और योगदान को पूरी तरह से पहचान रही है।"
इस कार्यक्रम में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा है कि उन्हें बहुत लेट निमंत्रण मिला था। मल्लिकार्जुन खड़गे नवगठित कांग्रेस कार्य समिति की दो दिवसीय बैठक के लिए आज हैदराबाद में हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने शनिवार को राज्यसभा महासचिव प्रमोद चंद्र मोदी को पत्र लिखकर समारोह में देर से निमंत्रण देने पर निराशा व्यक्त की थी।
आज शाम को बुलाई गई है सर्वदलीय बैठक
18 से 22 सितंबर तक संसद के पांच दिवसीय विशेष सत्र से पहले आज शाम 4.30 बजे सभी राजनीतिक दलों के नेताओं के लिए एक सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है।
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने इस सप्ताह की शुरुआत में एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "इस महीने की 18 तारीख से संसद सत्र से पहले, 17 तारीख को शाम 4.30 बजे सर्वदलीय फ्लोर लीडर्स की बैठक बुलाई गई है।" उन्होंने कहा, "इसके लिए निमंत्रण संबंधित नेताओं को ईमेल के माध्यम से भेजा गया है।"
क्या है संसद के विशेष सत्र का एजेंडा
सरकार द्वारा बुलाए गए विशेष सत्र के एजेंडे पर एक संसदीय बुलेटिन में कहा गया कि दोनों सदन पहले दिन संसद की 75 साल की यात्रा पर चर्चा करेंगे। संसद सत्र के लिए कामकाज की अस्थायी सूची में मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति पर विचार और पारित होने के लिए विधेयक शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications