दिल्ली में अब कोरोना वायरस को लेकर नया प्लान, 6 जुलाई तक होगी हर घर की स्क्रीनिंग
लगातार बढ़ते हुए केसों को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण रोकने के लिए अब एक नया प्लान तैयार किया गया है...
नई दिल्ली। दिल्ली में कोरोना वायरस का संक्रमण काफी तेज रफ्तार से फैल रहा है और हालात बिगड़ते जा रहे हैं। लगातार बढ़ते हुए केसों को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण रोकने के लिए अब एक नया प्लान तैयार किया गया है। इस नए प्लान के तहत 6 जुलाई तक दिल्ली के हर घर की स्क्रीनिंग होगी। कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या के हिसाब से दिल्ली इस समय देश में दूसरे नंबर पर है। मंगलवार को ही दिल्ली में एक दिन के अंदर कोरोना वायरस के 3947 नए पॉजिटिव केस सामने आए। राष्ट्रीय राजधानी में यह 24 घंटों के भीतर मिलने वाले केसों का अभी तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

30 जून तक हर कंटेनमेंट जोन में प्रत्येक घर की स्क्रीनिंग
आपको बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सीएम अरविंद केजरीवाल के बीच पिछले हफ्ते कई दौर की बैठक हुईं थी। इन बैठकों के बाद कोरोना वायरस को लेकर जारी किए गए नए प्लान के तहत सीएम केजरीवाल ने बताया कि 30 जून तक हर कंटेनमेंट जोन में प्रत्येक घर की स्क्रीनिंग की जाएगी। दिल्ली में फिलहाल 66 हजार कोरोना वायरस केसों के साथ 261 कंटेनमेंट जोन हैं और मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। नए प्लान के तहत कंटेनमेंट जोन में सर्विलांस और कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग को मजबूत किया जाएगा, ताकि संक्रमण की चेन को तोड़ा जा सके।

अब दूसरे नंबर पर सबसे प्रभावित राज्य दिल्ली
दिल्ली सरकार के मुताबिक, राजधानी में हर दिन 2500 से ज्यादा नए केस और मृतकों की संख्या 75 तक दर्ज की जा रही हैं। नए केसों की संख्या के मामले में बीते रविवार को दिल्ली ने तमिलनाडु को भी पीछे छोड़ दिया। गौरतलब है कि कोरोन वायरस महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है और उसके बाद तमिलनाडु का नंबर था। दिल्ली में अभी तक कोरोना वायरस के कारण 2 हजार से भी ज्यादा मौतें हो चुकी हैं।

क्या है नया प्लान
दिल्ली सरकार की बदली हुई रणनीति के तहत अब जिला स्तर पर एक सख्त मॉनिटरिंग प्लान लागू किया जाएगा। इसके तहत कोविड-19 टास्क फोर्स में अब डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट के अलावा, जिला पुलिस आयुक्त, नगर निगम के अधिकारी, एमसीडी के महामारी विशेषज्ञ और आरोग्य सेतु ऐप को मॉनिटर करने के लिए आईटी विशेषज्ञों को शामिल किया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि कोरोना वायरस से प्रभावित इलाकों में सभी के मोबाइल में आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड हो। कंटेनमेंट जोन में सीसीटीवी कैमरों के जरिए पुलिस लोगों की आवाजाही पर नजर रखेगी।












Click it and Unblock the Notifications