Rishi Kapoor की याद में नीतू कपूर ने लिखी ऐसी बात, जिसने भी पढ़ा भर आई आंखें
मुंबई, 30 अप्रैल। बॉलीवुड के महान कलाकार दिवंगत ऋषि कपूर की आज पहली पुण्यतिथि है। आज (30 अप्रैल) ही के दिन हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का यह जगमगाता तारा बुझ गया था, 67 साल की उम्र में ऋषि कपूर इस दुनिया को छोड़कर चले गए थे। अभिनेता की पहली पुण्यतिथि पर पूरी फिल्म इंडस्ट्री, कपूर खानदान और फैंस अपने स्टार को भावुक श्रद्धांजलि दे रहे हैं। कैंसर से जूझ रहे ऋषि कपूर को मुंबई के रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उन्होंने 30 अप्रैल, 2020 को अंतिम सांस ली। पति ऋषि कपूर को याद कर उनकी पत्नी नीतू कपूर ने एक भावुक पोस्ट साझा की है।

ऋषि कपूर की पत्नी नीतू कपूर ने शेयर की फोटो
अभिनेत्री और ऋषि कपूर की पत्नी नीतू कपूर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक ब्लैक एंड व्हाइट थ्रोबैक फोटो पोस्ट की है। इंस्टाग्राम पर शेयर की गई इस तस्वीर में नीतू और ऋषि कपूर काफी यंग दिखाई दे रहे हैं। फोटो में नीतू कपूर साड़ी और ज्वैलरी में बेहद खूबसूरत दिखाई दे रही हैं जबकि साथ खड़े ऋषि कपूर भी काफी हैंडसम नजर आ रहे हैं। पति संग पुरानी फोटो शेयर कर नीतू कपूर भावुक हो गईं थीं।

'पिछला साल सबसे उदासी भरा'
उन्होंने अपने पोस्ट में एक इमोशनल कैप्शन भी शेयर किया है जिसे बढ़ने के बाद किसी के भी आसूं छलक जाएं। नीतू कपूर ने अपने पोस्ट में लिखा, 'पिछला साल हमारे लिए सबसे बुरा और उदासी भरा रहा है क्योंकि हमने उन्हें (ऋषि कपूर) को खो दिया। बीते एक साल में ऐसा कोई दिन नहीं गया जब उनकी बात ना हुई हो या उनसे जुड़ी यादें ताजा नहीं हुई। वह हमारे अस्तित्व का एक विस्तार थे...'।

'उनके बिना जिंदगी अब पहले जैसी नहीं'
नीतू आगे लिखती हैं, 'उनकी दी हुई सलाह, उनकी समझदारी, उनकी बातें... इन सबको याद करते हुए हमने हमेशा होठों पर एक मुस्कान के साथ उनको याद करने की कोशिश की। वह अब हमेशा हमारे दिल में रहेंगे। हमने इस बात को कबूल कर लिया है कि उनके बिना जिंदगी अब पहले जैसी कभी नहीं होगी, लेकिन जिंदगी आगे बढ़ती रहेगी'। नीतू कपूर के इस पोस्ट पर बॉलीवुड सिलेब्स के साथ-साथ फैंस भी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

अस्पताल में भी थी काम की चिंता
ऋषि कपूर ने निधन के एक साल होने पर उनके बेटे और एक्टर रणबीर कपूर ने भी पिता को याद किया। ऋषि कपूर के एक किस्से को याद करते हुए रणबीर कपूर ने बताया था कि कैसे उनके पिता ऋषि कपूर चिंतित थे कि क्या उन्हें अमेरिका से इलाज के बाद भारत लौटने पर फिल्मों में काम करने को मिलेगा या नहीं? ऋषि कपूर का 2019 में अमेरिका में कैंसर का इलाज चल रहा था। रणबीर कपूर ने कहा था- 'जब भी मैं उनसे (ऋषि कपूर ) बात करता हूं, वह केवल फिल्मों के बारे में बात करते हैं। वह केवल इस बारे में बात करते हैं कि यह फिल्म कैसी है?'
यह भी पढ़ें: 'अजूबा' के 30 साल पूरे होने पर भावुक हुए अमिताभ, ऋषि कपूर की याद में लिखा ये ट्वीट












Click it and Unblock the Notifications