ऋषि कपूर के कैंसर से जंग के दौरान कैसे रखा उनका ध्यान, पत्नी नीतू ने खोला राज
नई दिल्ली। बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर ऋषि कपूर ने लंबे इलाज के बाद कैंसर से अपनी लड़ाई जीत ली है। करीब 9 महीने तक उनका इलाज न्यूयॉर्क में चला। इस नाजुक वक्त में ऋषि कपूर की पत्नी नीतू कपूर लगातार उनके साथ चट्टान की तरह खड़ी रहीं। एक इंटरव्यू के दौरान नीतू कपूर ने बताया कि वह 'अपनी शक्ति से ऐसा सब कुछ करना चाहती थीं' जिससे ऋषि कपूर को दर्द महसूस नहीं हो। टाइम्स नाउ के साथ एक इंटरव्यू में नीतू कपूर ने खुद को ऋषि कपूर की "केयरटेकर" बताया। यही नहीं उन्होंने आगे कहा, 'यह ऐसा है जैसे वो मेरे बच्चे की तरह हो गए और मैं अपनी शक्ति से वह सब कुछ करना चाहती थी, जिससे उन्हें दर्द न हो, उन्हें जो चाहिए वह मिले।'

ऋषि कपूर ने पत्नी नीतू को बताया अपनी "जिब्राल्टर की चट्टान"
बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर को पिछले साल सितंबर में कैंसर का पता चला था। इसके बाद वो पिछले साल ही इलाज के लिए न्यूयॉर्क पहुंचे थे और करीब दस महीने से ज्यादा समय उन्होंने विदेश में बिताया। टाइम्स नाउ के साथ इंटरव्यू में ऋषि कपूर ने भी नीतू कपूर को लेकर कई बातें बताईं। उन्होंने बताया कि कैसे नीतू ने कैंसर से जंग के दौरान उनका सपोर्ट सिस्टम बनाया। उन्होंने नीतू कपूर को अपनी "जिब्राल्टर की चट्टान" के रूप में वर्णित किया और कहा "वह जिब्राल्टर की एक चट्टान की तरह मेरे साथ रहीं और वास्तव में मेरा समर्थन किया। उनके समर्थन के बिना मैं कुछ नहीं कर सकता था।"

नीतू कपूर ने कहा- वो मेरे बच्चे की तरह हो गए
ऋषि कपूर को दवा देने और उनका देखभाल करने में वह कैसे कामयाब रहीं, इस बारे में बात करते हुए नीतू कपूर ने बताया, 'मुझे दवाई बिल्कुल समझ नहीं आती थीं लेकिन मैं इसे गलत भी नहीं कर सकती थी। मुझे बिल्कुल सही तरीके से इन्हें दवा देना था। इसके बेहतर समझ के लिए मैंने अपनी एक सूची तैयार की, जिससे मैं ये समझ सकूं कि इन दवाओं को किस तरह से देना है।'

कैंसर से जंग के बाद दिग्गज अभिनेता ने जताई ये इच्छा
यह पहली बार नहीं है जब ऋषि कपूर ने नीतू कपूर को उनके अच्छे स्वास्थ्य का श्रेय दिया है। इससे पहले भी एक इंटरव्यू में ऋषि कपूर ने नीतू कपूरी की जमकर तारीफ की थी। ऋषि कपूर अब कैंसर से जंग जीत चुके हैं, उन्होंने ये भी खुलासा किया कि वह जल्द ही मुंबई अपने घर लौटेंगे। उनकी इच्छा है कि वह 2 सितंबर को अपने परिवार के साथ गणेश चतुर्थी मनाएं। उन्होंने एक ट्वीट करके बताया कि आखिर वो अपने घर को कितना याद कर रहे हैं और उम्मीद जताई कि जल्द से जल्द वापस लौटेंगे।












Click it and Unblock the Notifications