तीन तलाक के खिलाफ SC जाने वाली इशरत जहां के बाद उनकी वकील भी भाजपा में शामिल
नई दिल्ली। तीन तलाक के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने वाली इशरत जहां के बाद अब उनकी वकील नाजिया इलाही खान भी भाजपा में शामिल हो गई हैं। नाजिया खान ने गुरुवार को कोलकाता स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ली। इस मौके पर बंगाल भाजपा के सभी बड़े नेता मौजूद थे। बता दें कि अभी दो दिन पहले ही इशरत जहां ने भारतीय जनता पार्टी मे शामिल होने का ऐलान किया था।

भाजपा से चुनाव लड़ेंगी इशरत?
भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के सवाल पर इशरत जहां ने कहा कि यह इकलौती पार्टी है जिसने हमारी मदद करने का वादा किया था। इशरत ने कहा कि भाजपा ने उनसे वादा किया है कि वो उनकी बच्चों को अच्छी शिक्षा और रोजगार मुहैया कराएंगे। साथ ही भाजपा ने उन्हें चुनाव में टिकट देने का वादा भी किया है।

ये था इशरत का केस?
इशरत जहान को उसके पति ने 2014 में दुबई से फोन पर तलाक दे दिया था, इसके बाद उसने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने 22 अगस्त को तीन तलाक पर रोक लगाते हुए इसे गैर इस्लामिक करार दिया था। इशरत उन पांच महिलाओं में से एक है जिसने तीन तलाक के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी।

भाजपा ने किया इशरत का स्वागत
पश्चिम बंगाल भाजपा यूनिट के महासचिव सयनातन बासु ने इशरत के भाजपा में शामिल होने पर कहा कि इशरत ने हमारे हावड़ा स्थित पार्टी कार्यालय में भाजपा की सदस्यता ली है। उन्होंने कहा कि इशरत के भाजपा में शामिल होने को लेकर एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications