रिश्तों में मिठास के लिए पाक की 'मैंगो डिप्लोमेसी', PM मोदी के लिए भेजे आम
नयी दिल्ली। भारत-पाकिस्तान के रिश्तों में घुली कड़वाहट किसी से छुपी नहीं है। पाकिस्तान की ओर से जम्मू कश्मीर सीमा पर जारी फायरिंग के बाद से दोनों देशों के रिश्तों में कड़वाहट घुल गई है। जहां भारत ने साफ-साफ कह दिया है कि आंतकवाद के साथ पाकिस्तान से किसी भी तरह की कोई बातचीत नहीं होगी तो वहीं रिश्तों में घुली कड़वाहट को दूर करने के लिए पाकिस्तान की ओर से नई पहल की गई है।

भारत और पाकिस्तान के बीच साड़ी और शॉल के बाद अब 'मैंगो' डिप्लोमेसी शुरू हो गई है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए आम भेजे है। पाक में जारी राजनैतिक अस्थिरता के बावजूद शरीफ ने मोदी के लिए चुनिंदा आम भेजे हैं। नवाज शरीफ की तरफ से प्रधानमंत्री के अलावा राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को भी आम भेजे गए हैं। बताया जा रहा है कि नवाज ने अपने पसंदीदा आम से भरे डिब्बे भेजे हैं। पाकिस्तान से आए डिब्बों में ज्यादातर सिंधरी और चौसा जैसी आम की किस्में हैं।
रिश्तों में मिठास घोलना चाहते है शरीफ
पाक की ओर से भेजे गए आम के पीछे का उद्देश्य क्या है, येसमझना मुश्किल नहीं है। पाक उच्चायुक्त और कश्मीर के अलगाववादी नेताओं के बीच मुलाकात के बाद भारत के सख्त रुख के बाद नवाज शरीफ के आम उस तनाव को खत्म करने की कोशिश है जो इस मुलाकात के बाद शुरु हो गई थी। ऐसे में नवाज शरीफ की ताजा कोशिश को पाकिस्तान पर भारत की ओर से बने दबाव का नतीजा माना जा रहा है। राजनयिक सूत्रों के मुताबिक मैंगो डिप्लोमेसी के जरिए शरीफ इसी महीने न्यूयॉर्क में होने वाली यूएन जनरल असेंबली के दौरान मोदी से मुलाकात की जमीन तैयार करना चाहते हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माता के लिए साड़ी भेजी थी। जिसके बारे में खुद पीएम ने ट्वीट कर जानकारी दी थी।












Click it and Unblock the Notifications