खत्म हुई सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी के इंतजार की झंझट! 50 लाख परिवारों के लिए क्या है नया प्लान?
PNG Drive 3.0: रसोई में गैस खत्म होने वाली हो तो सबसे पहले ध्यान सिलेंडर की बुकिंग पर जाता है। इसके बाद डिलीवरी कब आएगी और तब तक पुराना सिलेंडर चलेगा या नहीं, इसकी चिंता अलग रहती है। देश के करोड़ों परिवार लंबे समय से खाना बनाने के लिए LPG सिलेंडर पर निर्भर हैं। लेकिन आने वाले समय में कई घरों की रसोई की तस्वीर बदल सकती है। सरकार ऐसी व्यवस्था का दायरा बढ़ाने में जुटी है, जिसमें बार-बार सिलेंडर बुक करने की जरूरत नहीं पड़ती।
इसके लिए 1 अक्टूबर से एक बड़ा अभियान शुरू किया गया है। इसके जरिए लाखों नए परिवारों को सीधे पाइप से मिलने वाली गैस से जोड़ने की तैयारी है। खास बात यह है कि सरकार की नजर सिर्फ बड़े शहरों पर नहीं, बल्कि छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों पर भी है।

शुरू हुआ National PNG Drive 3.0
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड यानी PNGRB ने National PNG Drive 3.0 शुरू किया है। यह अभियान 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक चलेगा। इस दौरान देश में 50 लाख नए घरेलू PNG कनेक्शन जोड़ने और 50 लाख नए रजिस्ट्रेशन हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है।
ये भी पढ़ें: अब न पोर्टल, न पासवर्ड का झंझट! EPFO लेकर आया WhatsApp सर्विस, चुटकियों में मिलेगी PF की हर अपडेट
सिलेंडर बुकिंग की परेशानी होगी कम
PNG यानी Piped Natural Gas में गैस पाइपलाइन के जरिए सीधे घर की रसोई तक पहुंचती है। घर में गैस सिलेंडर स्टोर करने की जरूरत नहीं पड़ती। इससे सिलेंडर खत्म होने पर बुकिंग करने और डिलीवरी का इंतजार करने जैसी परेशानी कम हो सकती है। अगर ज्यादा परिवार PNG अपनाते हैं तो आने वाले समय में LPG सिलेंडर पर निर्भर लोगों की संख्या भी घट सकती है। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि सरकार LPG सिलेंडर बंद करने जा रही है।
जितनी गैस इस्तेमाल, उतना बिल
PNG कनेक्शन वाले घर में गैस की खपत मापने के लिए मीटर लगा होता है। जितनी गैस इस्तेमाल की जाती है, उसी आधार पर बिल आता है। हालांकि PNG देश के हर इलाके में उपलब्ध नहीं है। कनेक्शन का खर्च और गैस की कीमत संबंधित क्षेत्र और वहां सेवा देने वाली गैस कंपनी पर निर्भर करती है। इसलिए LPG और PNG में कौन सा विकल्प सस्ता है, यह जगह के हिसाब से अलग हो सकता है।
40 लाख पुराने कनेक्शन होंगे एक्टिव
सरकार का फोकस केवल नए घरों को PNG से जोड़ने पर नहीं है। IANS की रिपोर्ट के मुताबिक देश में करीब 40 लाख ऐसे PNG कनेक्शन हैं, जो लिए तो गए थे लेकिन फिलहाल इस्तेमाल नहीं किए जा रहे हैं। National PNG Drive 3.0 के तहत इन कनेक्शनों को दोबारा चालू करने का लक्ष्य भी रखा गया है।
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अभियान की शुरुआत करते हुए बताया कि नए ग्राहकों को जोड़ने के साथ पुराने बंद पड़े कनेक्शनों को फिर से इस्तेमाल में लाना भी इसका अहम हिस्सा है।
मौजूदा पाइपलाइन का होगा पूरा इस्तेमाल
PNGRB के मुताबिक देश में करीब 6.88 लाख इंच-किलोमीटर गैस पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। मंत्रालय का कहना है कि मौजूदा नेटवर्क में अभी बड़ी संख्या में नए कनेक्शन जोड़ने की क्षमता है। इसलिए जहां पाइपलाइन पहले से मौजूद है, वहां ज्यादा से ज्यादा घरों को इससे जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
छोटे शहरों और गांवों पर भी नजर
सरकार PNG को सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रखना चाहती। अभियान में छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों तक नेटवर्क बढ़ाने पर भी फोकस किया गया है। इससे उन परिवारों को भी भविष्य में पाइप वाली गैस का विकल्प मिल सकता है, जो अभी पूरी तरह LPG सिलेंडर पर निर्भर हैं।
क्या आपके घर से हट जाएगा LPG सिलेंडर?
अगर आपके इलाके में PNG पाइपलाइन पहुंच चुकी है या भविष्य में पहुंचती है तो आपके पास LPG के साथ पाइप वाली गैस चुनने का विकल्प हो सकता है।
सरकार National PNG Drive 3.0 को देश में गैस की पहुंच बढ़ाने और 'One Nation, One Gas Grid' की दिशा में एक कदम मान रही है। हालांकि किसी परिवार के लिए PNG लेना फायदेमंद होगा या LPG इस्तेमाल करते रहना बेहतर होगा, यह स्थानीय गैस की कीमत, कनेक्शन शुल्क और इलाके में PNG की उपलब्धता पर निर्भर करेगा।
ये भी पढ़ें: LPG Price Hike: त्योहारों से पहले महंगा हुआ गैस सिलेंडर, दिल्ली से पटना तक नए रेट राजी, कितना बढ़ेगा बोझ?


Click it and Unblock the Notifications
