सोनू निगम ने कहा, 'सिनेमाघरों में नहीं बजना चाहिए राष्ट्रगान, पाक के नेशनल एंथम के लिए भी खड़ा हो जाऊंगा'
मुंबई। एक बार फिर से मशहूर प्लेबैक सिंगर सोनू निगम ने कुछ ऐसा कहा है जिस पर बवाल पैदा हो सकता है। सोनू निगम ने कहा है कि वो हर देश के गान का सम्मान करते हैं। लेकिन उनका मानना है कि सिनेमा हाल और रेस्टोरेंट इसके लिए उचित जगह नहीं है इसलिए उनके ख्याल से राष्ट्रगान को सिनेमा हॉल में नहीं बजाना चाहिए। लोकप्रिय गायक ने कहा कि मैं किसी धर्म, देश पर सवाल नहीं उठा रहा हूं, ये देश के सम्मान की बात है और मैं हर देश का सम्मान करता हूं, अगर कहीं पर पाकिस्तान का राष्ट्रगान बजता है, जिस पर सभी पाकिस्तानी खड़े होते हैं और मैं भी वहां हूं तो मैं भी उस देश के सम्मान के तौर पर खड़ा हो जाऊंगा। गायक ने ये बात सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रगान बजाने के संबंध में चल रही चर्चा में कही।

सोनू निगम ने कहा कि कुछ ऐसे लोग हैं जो कहते हैं कि राष्ट्रगान यहां (सिनेमा हाल) बजाना चाहिए, तो कुछ लोग कहते हैं कि वहां नहीं बजाया जाना चाहिए। राष्ट्रगान एक सम्मानित और संवेदनशील मामला है और मेरा विचार है कि इसे कुछ जगहों पर नहीं बजाया जाना चाहिए। ऐसी जगहों में सिनेमा हाल या रेस्टोरेंट हैं। गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय ने केंद्र को सिनेमाघरों समेत सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रगान बजाने के मुद्दे पर फैसला करने का निर्देश दिया था। आपको बता दें कि इससे पहले सोनू निगम ने अजान के लाउडस्पीकर पर अपनी राय रखी थी, जिस पर काफी बवाल मचा था और इस बार उन्होंने राष्ट्रगान के बारे में सुझाव दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications