खादी इंडिया के कैलेंडर से महात्मा गांधी की तस्वीर गायब, पीएम नरेंद्र मोदी को चरखा चलाते हुए दिखाया
खादी ग्रामोद्योग के कैलेंडर की कवर फोटो में जहां पहले महात्मा गांधी की तस्वीर होती थी, अब वहां पर पीएम नरेंद्र मोदी को चरखा चलाते हुए दिखाया गया है।
मुंबई। खादी ग्रामोद्योग के जिन कैलेंडर और डायरियों पर अब तक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर लगा करती थी, अब उसकी जगह पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर ने ले ली है। इसकी पुष्टि खुद खादी ग्रामोद्योग के आधिकारिक सूत्रों ने की है। जैसे ही आयोग के कर्मचारियों और अधिकारियों ने कैलेंडर के कवर पर पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर देखी तो वह हैरान रह गए। कैलेंडर के कवर पर लगी तस्वीर में पीएम नरेंद्र मोदी चरखा चलाते दिख रहे हैं। आपको बता दें कि इससे पहल चरखा चलाने की तस्वीर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी होते थे।

जब इस बारे में आयोग के चेयरमैन विनय कुमार सक्सेना से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इसमें हैरान होने की कोई बात नहीं है। इससे पहले भी इस तरह होता रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी खादी ग्रामोद्योग की आत्मा हैं और उन्हीं के आदर्शों और विचारों पर खादी ग्रामोद्योग आधारित है, ऐसे में यह सवाल ही नहीं पैदा होता कि उन्हें नजरअंदाज किया जा सकता है। पीएम मोदी की तस्वीर छापे जाने पर उन्होंने कहा कि पीएम मोदी भी काफी समय तक खादी पहनते रहे हैं और खादी में एक खास स्टाइल विकसित क्या है। वे बोले कि उन्होंने न सिर्फ भारतीयों, बल्कि विदेशियों को भी खादी की ओर आकर्षित किया है।
ये भी पढ़ें- डेबिट कार्ड से पेट्रोल खरीदने पर नहीं लगेगा ग्राहकों और पेट्रोल पंप वालों पर टैक्स
विनय कुमार सक्सेना ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा- पीएम मोदी खादी के सबसे बड़े ब्रांड अंबेसडर हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मेक इन इंडिया विजन के तहत ही खादी ग्रामोद्योग गांवों को आत्मनिर्भर बना रहा है और स्किल डेवलपमेंट के जरिए युवाओं को रोजगार भी मुहैया करा रहा है। साथ ही वे बोले कि अब खादी को बुनने के लिए नई तकनीक का इस्तेमाल हो रहा है और साथ ही नए प्रयोग और बेहतर मार्केटिंग पर जोर दिया जा रहा है। हालांकि, आयोग के ही कुछ कर्मचारी महात्मा गांधी की तस्वीर हटाकर पीएम मोदी की तस्वीर लगाने को लेकर खफा हैं।












Click it and Unblock the Notifications