जम्मू-कश्मीर: नगरोटा आतंकी हमले के बाद वैष्णो देवी में अलर्ट
पुलिस के आला अधिकारी ने बताया कि ''हमने अलर्ट घोषित किया है। नगरोटा में सैन्य शिविर पर आतंकवादी हमले के बाद कटरा और मंदिर के अन्य इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।''
कटरा। जम्मू-कश्मीर के नगरोटा में हुए आतंकी हमले के बाद माता वैष्णो देवी मंदिर में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों की सुरक्षा चौकस कर दी गई है। पुलिस के आला अधिकारी ने बताया कि ''हमने अलर्ट घोषित किया है। नगरोटा में सैन्य शिविर पर आतंकवादी हमले के बाद कटरा और मंदिर के अन्य इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।''

उन्होंने बताया कि पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों को सतर्क रहने को कहा गया है। नगरोटा से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित कटरा कस्बे में प्रतिवर्ष एक करोड़ से अधिक तीर्थयात्री आते हैं। अधिकारी ने कहा, ''मंदिर तक जाने के मार्ग और इसके आस पास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।'' उन्होंने कहा कि तलाशी एवं जांच बढ़ा दी गई है और लोगों को हमारा सहयोग करना चाहिए।
आतंकी हमले में शहीद हुए 7 जवान
जम्मू से 20 किलोमीटर दूर नगरोटा में आतंकी हमला हुआ। फिलहाल एनकाउंटर खत्म हो चुका है। सेना ने कहा है कि नगरोटा में सेना की यूनिट पर आज सुबह हुए हमले में कुल सात जवान शहीद हुए हैं। 2 अफसर हैं और 5 जवान थे। इसमें महाराष्ट्र के पंढरपुर के रहने वाले मेजर कुनाल गोसावी भी शामिल हैं। नगरोटा में हमलावर तीनों पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया गया है।












Click it and Unblock the Notifications