बंगाल: मुस्लिम शख्स से जबरन बुलवाया 'जय श्रीराम, मारपीट के बाद फैला तनाव
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के आसनसोल के पास हीरापुर इलाके में एक मुस्लिम हॉकर के साथ कथित तौर पर मारपीट और जबरन जय श्री राम के नारे लगवाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। पुलिस ने एतिहात के तौर पर इलाके की इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी हैं। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल कराया गया जिसके जरिए हिंदू-मुस्लिम दंगे होने का दावा किया जा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, कुछ युवकों ने एक 40 वर्षीय मुस्लिम फेरी वाले से मारपीट की और उसे 'जय श्री राम' बोलने को कहा था। बाद में उसे एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। मंगलवार रात की घटना के बाद से सोशल मीडिया पर माहौल को ख़राब करने के लिए हिंदू-मुस्लिम दंगों के फर्जी वीडियो और तस्वीरें फैलाए जा रहे हैं। आसनसोल पुलिस ने इस वीडियो को फर्जी बताया है और ऐसी किसी भी घटना से इनकार किया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि, किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए उन्होंने सतर्कता बढ़ा दी है। आसनसोल के पुलिस आयुक्त डीपी सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए माहौल खराब करने का प्रयास ना हो इसके लिए इंटरनेट सेवा रोक दी गयी है। पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गयी है, स्थिति अभी नियंत्रण में है। वहीं इस घटना के बाद से टीएमसी और बीजेपी के बीच आरोप प्रत्यारोप की राजनीति शुरू हो गई है।
टीएमसी के नेता और आसनसोल के मेयर जितेंद्र तिवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा इलाके का धर्मनिरपेक्ष ताना-बाना बिगाड़ना की कोशिश कर रही है। प्रदेश भाजपा के महासचिव सायंतन बसु ने आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि ऐसी घटनाएं साबित करती है कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications