Mumbai Rains: भारी बारिश के चलते विमानों की आवाजाही पर लगाई गई रोक
मुंबई। मुंबई में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। मायानगरी में चारों तरफ पानी ही पानी दिखाई दे रहा है, यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, बस, ट्रेन और यहां तक विमान सेवाएं भी भारी बारिश के कारण प्रभावित हुई हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक, छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन रोक दिया गया है।

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मुंबई एयरपोर्ट (एमआईएएल) के प्रवक्ता ने बताया कि भारी बारिश के कारण मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज एयरपोर्ट पर उड़ानों के संचालन को रोक दिया गया है। उन्होंने बताया कि तेज बारिश के कारण विजिबिलिटी बहुत कम है, इसी कारण से से फिलहाल विमान का संचालन बंद है। साथ ही ये भी कहा कि अब तक कोई उड़ान रद्द नहीं की गई है लेकिन अब तक 3 उड़ानों को अन्य एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया है।
पिछले कुछ दिनों से मुंबई में भारी बारिश हो रही है, इस कारण कई लोगों की जान भी जा चुकी है। मुंबई, पालघर, पुणे में दीवार गिरने से कई लोगों की मौत हुई है जबकि कुछ अन्य घायल भी हैं। हाल ही में पुणे के सिंहगढ़ कॉलेज के अहाते की दीवार गिरने से सात लोगों की मौत हो गई थी। जबकि मलाड उपनगर में बाढ़ में फंसे एक वाहन में फंसे दो लोगों की मौत हो गई थी।
मुंबई में बारिश ने ली कई लोगों की जान
लगातार हो रही बारिश से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है, कॉलोनी, सड़क, पार्क पानी से लबालब भरे हैं, लोग दफ्तर नहीं जा पा रहे हैं। मौसम विभाग की ओर से मुंबई में सोमवार को भी समुद्र में हाईटाइड को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार मुंबई में सोमवार शाम 4:18 बजे हाईटाइड आएगा और इस दौरान 4.37 मीटर तक ऊंची लहरें उठेंगी।












Click it and Unblock the Notifications