एक्ट्रेस मीरा चोपड़ा पर फर्जी फ्रंटलाइन वर्कर बनकर कोरोना वैक्सीन लगवाने का आरोप, जांच के दिए गए आदेश
एक्ट्रेस मीरा चोपड़ा पर फर्जी फ्रंटलाइन वर्कर बनकर कोरोना वैक्सीन लगवाने का आरोप, जांच के दिए गए आदेश
मुंबई, 31 मई: बॉलीवुड एक्ट्रेस मीरा चोपड़ा इन दिनों विवादों में घिर गई हैं। एक्ट्रेस मीरा चोपड़ा पर आरोप है कि उन्होंने फर्जी फ्रंटलाइन वर्कर बनकर कोरोना वायरस की वैक्सीन लगवाई है। अधिकारियों ने इस मामले के जांच के आदेश दिए हैं। आरोप है कि मुंबई से सटे ठाणे में फर्जी स्वास्थ्य कर्मी बनकर मीरा चोपड़ा ने कोविड-19 वैक्सीन लगवाई है। मीरा चोपड़ा 18 से 44 साल के आयुवर्ग की हैं, जिसका वैक्सीनेश टीके की कमी की वजह से फिलहाल महाराष्ट्र में बंद है। आरोप है कि इन सब के बीच मीरा चोपड़ा ने ठाणे में पार्किंग प्लाझा कोविड सेंटर में सुपरवायजर की नकली पहचान पत्र (आईडी कार्ड) बनवाकर वैक्सीन लगवाई है। हालांकि मीरा चोपड़ा ने इन आरोपों का खंडन किया है। मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं।

मीरा चोपड़ा का फ्रंटलाइन वर्कर वाला 'आईडी' हुआ वायरल
मीरा चोपड़ा ने खुद की वैक्सीन लगवाते हुए तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की थी। जिसको लेकर विवाद और बढ़ गया। मीरा चोपड़ा का फ्रंटलाइन वर्कर वाला आईडी कार्ड भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। जिसको लेकर बीजेपी के नेताओं ने महाराष्ट्र में चल रहे वैक्सीनेशन अभियान पर सवाल उठाए हैं। भाजपा के नेता मनोहर डुंबरे ने नगर निगम प्रशासन को आड़े हाथ लिया और कहा कि ये ठाणे में किस तरह से वैक्सीनेशव अभियान चलाया जा रहा है।
बीजेपी ने आरोप लगाया है कि एक्ट्रेस को एक फोटो पहचान पत्र दिया गया है, जिसमें उन्हें निजी कंपनी द्वारा सुपरवाइजर बताकर फ्रंटलाइन वर्कर्स के तहत प्रथामिकता श्रेणी के अतंर्गत निगम के पार्किंग प्लाजा केंद्र में वैक्सीनेट किया गया।
Recommended Video

मीरा चोपड़ा के विवाद पर दिए गए जांच के आदेश
ठाणे नगर निगम आयुक्त ने मामले की जांच का आदेश दिए हैं। ठाणे नगर निगम के प्रवक्ता ने पीटीआई-भाषा से बात करते हुए कहा, ''ठाणे नगर निगम के आयुक्त विपिन शर्मा ने निगम उपायुक्त (मेडिकल विभाग) की देखरेख में इस मामले के जांच के आदेश दिए हैं। जांच के दौरान पता लगाया जाएगा कि एक्ट्रेस को नियमों की अनदेखी कर वैक्सीन कैसे लगाई गई, एक्ट्रेस को आईडी कार्ड कहां से मिला?। 3 दिन के अंदर जांच रिपोर्ट सामने आएगी।''

मीरा चोपड़ा ने कहा- वायरल हो रही आईडी मेरी नहीं है
मीरा चोपड़ा ने इन सारे आरोपों को खारिज कर दिया है। मीरा ने इंस्टाग्राम स्टोरी और अपने ट्विटर हैंडल से बयान जारी कर कहा है कि वायरल हो रही आईडी कार्ड उनकी नहीं है। मीरा चोपड़ा ने लिखा, ''इस वक्त हम सभी लोग वैक्सीनेट होना चाहते हैं, इसलिए हम सब लोग अपने लेवल पर कोशिश कर रहे हैं। ठीक इसी तरह मैंने भी कोशिश की और अपने कुछ जानकार लोगों से इसके लिए मदद मांगी थी। एक महीने के बाद वैक्सीन की डोज के लिए एक सेंटर पर मेरा रजिस्ट्रेशन हो गया। लेकिन उसके लिए मुझे बस अपना आधार कार्ड भेजने के लिए कहा गया था। जो आईडी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है वह मेरी नहीं है। मुझसे रजिस्ट्रेशन के लिए मेरा आधार कार्ड मांगा गया था और मैंने केवल आधार आईडी ही दी थी। कोई भी आईडी तब तक मान्य नहीं है जब तक कि उसमें आपकी हस्ताक्षर ना हो। मैंने खुद, उस तथाकथित आईडी कार्ड को पहली बार देखा, जब यह ट्विटर पर आया। मैं इस तरह की प्रथाओं की पूरी तरह से निंदा करती हूं और अगर ऐसी कोई आईडी बनाई गई है तो मैं जानना चाहता हूं कि ये कैसे और क्यों बनाई गई है।''












Click it and Unblock the Notifications