स्मृति ईरानी ने संसद की सीढ़ियों पर मुलायम के पैर छूकर लिया आशीर्वाद, देखिए VIDEO
नई दिल्ली, 31 जनवरी: समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक, संरक्षक और सांसद मुलायम सिंह यादव ने बजट सत्र के पहले दिन केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को बधाई दी। दरअसल, संसद के प्रवेश द्वार से बाहर निकलते समय स्मृति ईरानी और मुलायम सिंह यादव आगे-पीछे ही निकल रहे थे। इसी दौरान स्मृति ईरानी की नजर मुलायम सिंह यादव पर पड़ी। मुलायम को देखते ही स्मृति ने पैर छूकर आशीर्वाद लिया, लेकिन उस समय मुलायम सिंह यादव को सीढ़ी पर उतरने में दिक्कत हो रही थी और यह देखते ही स्मृति ईरानी ने उन्हें सहारा देने की कोशिश की। हालांकि, बाद में सुरक्षाकर्मी भी वहां पहुंच गए और मुलायम सिंह को पकड़ लिया।

राहुल गांधी की तरफ देखा, नहीं हुई कोई बात
इसके अलावा स्मृति ईरानी का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वह राहुल गांधी की तरफ एक बार देखती हैं, लेकिन दोनों के बीच कोई बात नहीं हुई। लोकसभा की सीढ़ियों पर दोनों नेता अलग-अलग छोर पर खड़े दिखे। एक तरफ राहुल गांधी कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के पास खड़े दिखते हैं तो वहीं स्मृति ईरानी केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के साथ बात करती दिख रही हैं।

केंद्रीय मंत्री नकवी ने भी दिया मुलायम सिंह यादव को सहारा
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी भी संसद में मुलायम सिंह यादव को सहारा देते दिखे। हालांकि, दोनों नेताओं में कुछ देर बात होती भी दिखी। बता दें, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी रविवार को आगरा में थीं। यहां उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी चुनाव से पहले 'गायब' थी और अब भी 'गायब' है, क्योंकि उसने चुनावों में हार को 'स्वीकार' कर लिया है।

आज से संसद के बजट सत्र की शुरुआत
संसद के बजट सत्र की आज से शुरुआत हो गई है। राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ ही बजट सत्र शुरू हो गया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा आर्थिक सर्वेक्षण पेश किए जाने के बाद लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई।












Click it and Unblock the Notifications