बीजेपी के निलंबित सांसद कीर्ति आजाद ने की तेजस्वी यादव से मुलाकात, बिहार का 'वंडरब्वॉय' बताया
भाजपा से बगावत करने के कारण निलंबन झेल रहे सांसद कीर्ति आजाद ने आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ फोटो शेयर की है। तेजस्वी के गले में हाथ डालकर बैठे आजाद ने उन्हें बिहार का 'वंडरब्वॉय' बताया।
नई दिल्ली। भाजपा से बगावत करने के कारण निलंबन झेल रहे सांसद कीर्ति आजाद ने आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ फोटो शेयर की है। तेजस्वी के गले में हाथ डालकर बैठे आजाद ने उन्हें बिहार का 'वंडरब्वॉय' बताया। कीर्ति आजाद और तेजस्वी यादव के साथ इस फोटो में पूर्व क्रिकेटर की पत्नी पूनम भी बैठी हुई हैं। कीर्ति आजाद दरभंगा से सांसद हैं और तेजस्वी संग उनकी ये मुलाकात पटना एयरपोर्ट पर हाल ही में हुई।

बिहार के दरभंगा से सांसद कीर्ति आजाद ने हाल ही में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव से मुलाकात की और उनकी तारीफ में कसीदे भी पढ़े। कीर्ति आजाद अपनी पत्नी पूनम के संग पटना से दिल्ली आ रहे थे जब एयरपोर्ट पर वो तेजस्वी यादव से मिले। इस मुलाकात की फोटो ट्विटर पर डालते हुए कीर्ति आजाद ने लिखा, 'पटना एयरपोर्ट के वेटिंग लाउंज में बिहार के 'वंडरब्वॉय' तेजस्वी यादव से मिला और फिर हम एक ही फ्लाइट में दिल्ली आए। मेरी पत्नी पूनम साथ थीं।'
कीर्ति आजाद भारतीय जनता पार्टी से निलंबित चल रहे हैं। साल 2015 में डीडीसीए घोटाले का खुलासा करते हुए वित्त मंत्री अरुण जेटली पर निशाना साधा था, जिसके बाद उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद जब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मानहानि केस में अरुण जेटली से माफी मांगी थी, तब भी आजाद ने केजरीवाल को आड़े हाथों लिया था। उन्होंने केजरीवाल को कायर बताया था।












Click it and Unblock the Notifications