महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामले 8 हजार के पार, मृत्यु दर 4.24 फीसदी हुई
मुंबई। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस (कोविड-19) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। देश के बाकी राज्यों के मुकाबले वायरस के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में ही दर्ज हुए हैं। यहां कोरोना के मरीजों की संख्या 8 हजार से अधिक हो गई है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि 522 नए केस आने के बाद राज्य में कुल मामलों की संख्या 8,590 हो गई है। राज्य में मौत का कुल आंकड़ा 369 है। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि कोरोना के चलते राज्य में मृत्यु दर 4.24 फीसदी है।

Recommended Video
आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र में 94 मरीजों की सोमवार को छुट्टी होने के बाद डिस्चार्ज होने वालों की संख्या बढ़कर 1,282 हो गई है। वहीं, राज्य में कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या 6,939 है। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने अपने बयान में ये भी कहा कि देश में मृत्यु दर 3.13 फीसदी है, महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के कारण मृत्यु दर 4.24 फीसदी है।
यहां सोमवार को बेस्ट बस सेवा के 7 कर्मचारियों में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। इन 7 कोरोना पॉजिटव मरीजों में एक की मौत हो चुकी है जबकि बाकी 6 कर्मचारियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मरीजों में से 2 कर्मचारी ड्राइवर, 2 टेक्निकल डिपार्टमेंट और 3 कंडक्टर की ड्यूटी करते थे। इनमें से ड्यूटी पर केवल 2 लोग थे। फिलहाल, बेस्ट के 136 कर्मचारियों को क्वारंटीन कर दिया गया है।
पूरे देश की बात करें रोजाना नए मामलों में वृद्धि हो रही है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार सुबह बताया कि देश में बीते 24 घंटों में 62 मौतें और 1543 नए मामले सामने आए हैं। भारत में मौत के मामलों में सबसे तेज वृद्धि दर्ज की गई है। मंत्रालय के मुताबिक अब भारत में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 29435 हो गई है, जिसमें 21632 सक्रिय मामले हैं। इसमें 6868 लोग ठीक / डिस्चार्ज, 934 मौतें और 1 विस्थापित शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications