Monsoon Session: राज्यसभा में जेपी नड्डा ऑपरेशन सिंदूर पर बोलते हुए कांग्रेस पर भड़के, जानें क्यों हुई तनातनी
Monsoon Session: राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा और कांग्रेस सांसदों के बीच तीखी तकरार देखने को मिली। सत्र शुरू होते ही संसद के दोनों सदनों में जमकर हंगामा होने लगा और कांग्रेस, टीएमसी समेत विपक्षी दल के सांसद जवाब दो के नारे लगाते हुए अपनी सीट से खड़े हो गए। इस दौरान नेता सदन और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है। सभी मुद्दों पर चर्चा होगी। कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी को जवाब देते हुए वह गुस्से में दिखे और उन्होंने कहा कि तर्क में ताकत होती है।
दरअसल कांग्रेस सांसद खड़े होकर जवाब दो... ऑपरेशन सिंदूर का पूरा सच बताओ जैसे नारे लगा रहे थे। रेणुका चौधरी भी काफी आक्रामक अंदाज में नजर आ रही थीं। तब जेपी नड्डा ने खड़े होकर कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बारे में हर प्वाइंट को दुनिया के सामने रखा जाएगा। हालांकि, जब कोशिश के बावजूद कांग्रेस के सांसद शांत नहीं हुए, तो नड्डा ने थोड़ी तल्खी से कहा कि चिल्लाने से कुछ नहीं होगा। तर्क में ताकत होती है।

यह भी पढ़ें: संसद के मानसून सत्र की हुई शुरुआत, पीएम मोदी बोले – ऑपरेशन सिंदूर ने 22 मिनट में मिटा दिए आतंक के अड्डे
Monsoon Session: जेपी नड्डा ने खरगे को दी जन्मदिन की बधाई
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खरगे का 21 जुलाई को जन्मदिन होता है। जेपी नड्डा ने सबसे पहले उन्हें बधाई देते हुए कहा कि खरगे जी को जन्मदिन की बधाई! इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'ऑपरेशन सिंदूर के बारे में हर प्वाइंट को दुनिया के सामने रखा जाएगा। आजादी के बाद देश में ऐसा ऑपरेशन पहले कभी नहीं हुआ था। मोदी जी के नेतृत्व में पहली बार ऐसा ऑपरेशन हुआ है। भारत सरकार मोदी जी के नेतृत्व में हर बात की चर्चा के लिए तैयार है। बीजेपी सदस्य समिक भट्टाचार्य जी ने इस पर नोटिस दिया है।'
भारी हंगामे के बाद सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। 12 बजे के बाद कार्यवाही फिर शुरू हुई लेकिन हंगामा जारी है। मानसून सत्र शुरू होने से पहले भी पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा था कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। सदन को चलाने की जिम्मेदारी सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष की भी होती है। हम चाहते हैं कि सहयोग के साथ संसद सत्र चले।
यह भी पढ़ें: मानसून सत्र से पहले All Party Meeting, किरेन रिजिजू बोले, 'विपक्षी दलों ने रखे अपने मुद्दे'












Click it and Unblock the Notifications