दिल्ली में 30 जून के आसपास दस्तक दे सकता है मानसून, इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश
नई दिल्ली, 20 जून। मौसम विभाग ने कई राज्यों में जल्द मानसून के दस्तक देने की भविष्यवाणी की है। भीषण गर्मी के बीच जल्द ही बारिश की बूंदें राहत देने वाली हैं। दिल्ली में 30 जून के आसपास मानसून दस्तक दे सकता है। वहीं गुजरात मध्य प्रदेश समेत अन्य कई राज्यों में मानसून के बादल की एंट्री हो चुकी है।
Recommended Video
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 2-3 दिनों में देश अन्य हिस्सों में भी मानसून के अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। अब तक मौसम विभाग की मानें तो गुजरात, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में रविवार को मानसून के बादल पहुंच चुके हैं। एक निजी मौसम वेधशाली स्काईमेट के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के दिल्ली पहुंचने की सामान्य तिथि से तीन दिन बाद 30 जून के आसपास पहुंचने की संभावना है। हालांकि आईएमडी ने इसकी अब तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है।
वहीं भारतीय मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 2-3 दिनों के दौरान उत्तरी मैदानी इलाकों में मानसूनी हवाओं के मजबूत होने की अच्छी संभावना है। उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलने के आसार हैं। बदलते मौसम कारकों को आधार मानते हुए वैज्ञानिकों ने यह निष्कर्ष निकाला है कि 29-30 जून के आसपास दिल्ली में मानसून के आने की संभावना है।
वहीं स्काईमेट वेदर सर्विसेज के अनुसार, दिल्ली में मानसून इस बार अनुमान से 2-3 दिनों देरी से शुरू होगा। आमतौर पर दिल्ली में मानसून की सामान्य शुरुआत की तारीख 27 जून है। जबकि अन्य राज्यों में 4-5 दिनों की देरी से मानसून के दस्तक देने की उम्मीद है। आईएमडी के राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार दिल्ली और आसपास के इलाकों में 22 जून तक प्री-मानसून बारिश जारी रहेगी।