राहुल गांधी की 'कर्जमाफी' का जवाब देने में जुटे पीएम मोदी, नए साल पर कर सकते हैं बड़ा ऐलान
नई दिल्ली। देश में आगामी लोकसभा चुनावों में लगभग 100 दिन बचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दूसरे कार्यकाल के लिए तैयारियों में जुट गए हैं। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी जनवरी में किसानों के लिए कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं। इसके लिए बुधवार को पीएम मोदी ने केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक भी की है। इस बैठक में वित्त मंत्री अरुण जेटली, बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि किसानों को राहत देने के लिए करीब तीन घंटे तक बैठक हुई है।

मानसून सत्र के आखिरी दिन कर सकते हैं बड़े ऐलान
वित्त मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, सरकार 5 जनवरी को शीतकालीन सत्र की समाप्ति से पहले किसानों के लिए नई योजनाओं की घोषणा करेगी। यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भाजपा को हाल ही में मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस से करारी शिकस्त मिली है। इस हार के पीछे का मुख्य कारण किसानों का गुस्सा माना जा रहे है। इसलिए सरकार किसानों को लोकसभा चुनाव से पहले खुश करने के लिए बड़े ऐलान करने जा रही है।

राहुल के निशाने पर पीएम मोदी
ऐसा माना जा रहा है कि, 2019 के चुनावों में कृषि संकट एक मुख्य मुद्दा होगा। कांग्रेस ने तीन राज्यों में कार्यभार संभालने के तुरंत बाद कृषि ऋण माफ कर चुनावी वादे को पूरा किया है। कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी ने इसके बाद मीडिया से कहा कि उनकी पार्टी और अन्य लोग पीएम मोदी को तबतक आराम नहीं करने देंगे जब तक कि केंद्र सरकार ऑल इंडिया कर्ज माफी योजना की घोषणा नहीं कर देती है। इसके बाद से मोदी सरकार भी इस चिंता में है कि कहीं कांग्रेस की ये चाल लोकसभा चुनाव में भी कमाल ना दिखा दे।

इन घोषणाओं का ऐलान कर सकती है मोदी सरकार
सूत्रों की मानें तो मोदी सरकार किसानों के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है, जिसका ऐलान किया जाएगा। ऐसा माना जा रहा है कि मोदी सरकार जिस योजना का काम ऐलान करने वाली है, वह कर्जमाफी से भी आगे की योजना हैं। कीमतों के अंतर की भरपाई को पूरा करने के विकल्प, फसलों के दामों में अंतर को सीधे किसान के बैंक खाते में ट्रांसफर करने का विचार, ऐसे ही अन्य कई कदमों पर सरकार चर्चा कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications