मोदी सरकार का बड़ा फैसला... प्याज निर्यात पर लगे बैन को हटाया, 3 लाख मीट्रिक टन प्याज एक्सपोर्ट को दी मंजूरी
Onion Export Ban Lift: मोदी सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए प्याज के निर्यात पर लगाए गए बैन को हटा दिया है। केंदीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता वाली मंत्री समिति ने प्याज निर्यात को मंजूरी दे दी है।
देश में लगातार बढ़ रही प्याज की कीमतों पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने इसके निर्यात पर रोक लगाई थी। इसकी डेडलाइन 31 मार्च 2024 तय की गई थी। लेकिन अब सरकार ने इस प्रतिबंध को डेडलाइन खत्म होने से पहले ही हटा दिया है।

बैन हटाते हुए समिति ने 3 लाख मीट्रिक टन प्याज निर्यात करने को मंजूरी दी है। गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई मंत्री समिति की बैठक में इस फैसले पर मुहर लगाई गई है। बैन हटाने के पीछे की वजह गुजरात और महाराष्ट्र में प्याज के स्टॉक को बताया गया है। इन राज्यों में प्याज के स्टॉक को देखते हुए सरकार की ओर से निर्यात की मंजूरी दी गई है।
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने केंद्रीय गृहमंत्री को प्याज किसानों की स्थिति से अवगत कराया था, जिसके बाद विचार-विमर्श के बाद बैन हटाने का निर्णय लिया गया है। इससे पहले ये उम्मीद जताई जा रही थी कि केंद्र सरकार प्याज के निर्यात पर लगे प्रतिबंध को हटाने की योजना बना रही है। इसका मुख्य कारण प्याज उत्पादक क्षेत्रों में प्याज समेत अन्य सब्जियों की कीमतों में आई गिरावट को बताया गया था।
क्यों लगाया गया था बैन?
प्याज के उत्पादन में कमी और लगातार बढ़ती कीमतों की वजह से केंद्र सरकार ने पिछले साल 8 दिसंबर को प्याज के निर्यात पर बैन लगा दिया था। विदेशी व्यापार के डायरेक्टोरेट जनरल की तरफ से इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर के बताया गया था कि यह बैन 31 मार्च 2024 तक के लिए लगा है।
प्याज के सबसे बड़े निर्यातकों में से एक भारत में कीमतों में तेजी के बीच प्याज निर्यात बैन के साथ ही सरकार ने लोगों को सस्ती प्याज बेचने के लिए भी कई कदम उठाए और बफर स्टॉक से 25 रुपये प्रति किलो के हिसाब से प्याज बेची गई।












Click it and Unblock the Notifications