पहली बार सांसद बनते ही TDP के चंद्रशेखर पेम्मासानी को मिला मंत्रिपद, संपत्ति जानकर उड़ जाएंगे होश
Chandra Sekhar Pemmasani Net Worth: नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार पीएम पद की शपथ ले ली है। उनके नए कैबिनेट का चेहरा भी तय हो चुका है। इस बार बीजेपी बहुमत से दूर है इस वजह से उसे एनडीए के अपने सहयोगियों पर सरकार बनाने के लिए निर्भर होना पड़ रहा है। इस कारण गठबंधन के घटक दलों से भी कुछ चेहरे मंत्रिमंडल में नजर आएंगे।
आंध्र प्रदेश में 16 सीटें जीतने वाली तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के दो सांसद ने भी मंत्री पद की शपथ ली। श्रीकाकुलम सीट से जीतने वाले राम मोहन नायडू कैबिनेट मंत्री और गुंटूर से पहली बार जीत दर्ज कर के संसद का रास्ता तय करने वाले चंद्रशेखर पेम्मासानी राज्यमंत्री की शपथ ली।

चंद्रशेखर पेम्मासानी
चंद्रशेखर पेम्मासानी ने आंध्र प्रदेश की गुटूंर सीट पर पोन्नूर से युवजन श्रमिका रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के मौजूदा विधायक किलारी वेंकट रोसैया को करीब साढ़े तीन लाख वोटों के अंतर से हराया है। चंद्रशेखर को लोकसभा चुनाव में आठ लाख 64 हजार 948 वोट मिले जबकि वेंकट रोसैया ने पांच लाख 20 हजार 253 वोट पाए थे।
चंद्रशेखर पेम्मासानी नेट वर्थ
गुंटूर जिले के बुर्रिपालेम गांव के रहने वाले चंद्रशेखर पेम्मासानी राजनेता से पहले एक डॉक्टर हैं। उन्होंने 1999 में एनटीआर यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज से एमबीबीएस की डिग्री ली हुई है। अमेरिका के पेनसिल्वेनिया में गेइजिंगर मेडिकल सेंटर से चंद्रशेखर ने 2005 में इंटरनल मेडिसिन में एमडी की उपाधि प्राप्त की। 48 वर्षीय चंद्रशेखर ने जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय में एक संकाय के रूप में कार्य किया और एक डॉक्टर के रूप में प्रैक्टिस की।
भारत से बाहर रहने के बावजूद भी पेम्मासानी ने अपने गृह क्षेत्र गुटूंर से संबंध बनाए रखा। इस लोकसभा चुनाव में वह गुटूंर से चुनाव जीत कर संसद पहुंचे। अब उन्हें मोदी कैबिनेट 3.0 में मंत्री पद मिलने जा रहा है।
हालांकि, राजनीति में पेम्मासानी की एंट्री काफी पहले हो चुकी थी। काफी समय से वो टीडीपी के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से शामिल होते रहे हैं। पेम्मासानी के हलफनामे के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति 5,705 करोड़ रुपये है। वह लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के सबसे अमीर उम्मीदवार थे।
यह भी देखें: नीतीश ने छुए मोदी के पैर, नायडू बोले गर्व है, JDU-TDP के बयान से विपक्ष की सरकार बनाने की उम्मीदें खत्म!












Click it and Unblock the Notifications