नीतीश ने छुए मोदी के पैर, नायडू बोले गर्व है, JDU-TDP के बयान से विपक्ष की सरकार बनाने की उम्मीदें खत्म!
NDA Parliamentary Party Meeting: लोकसभा चुनाव 2024 में एनडीए को मिले बहुमत के बाद नई सरकार बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की आज (7 जून) को बैठक चली। इस बैठक में एनडीए ने नरेंद्र मोदी को सर्वसम्मति से संसदीय दल के नेता चुना है।
इस बैठक में टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू और बिहार के सीएम, जेडी(यू) प्रमुख नीतीश कुमार मौजूद थे। नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू ने पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ की है और उनका अपना पूरा समर्थन दिया है।

ये भी पढ़ें- NDA संसदीय दल की बैठक में दिखा गजब नजारा! एक बार फिर नरेंद्र मोदी के पैर छूते नजर आए नीतीश कुमार
अब टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू और जेडी(यू) प्रमुख नीतीश कुमार के बयान से साफ हो गया है कि विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक की सरकार बनने की गुंजाइश कम है। कई मीडिया रिपोर्ट में ये कहा जा रहा था कि विपक्षी पार्टियां टीडीपी और जेडीयू के संपर्क में हैं। लेकिन अब उन्होंने बैठक में कहा है कि वह एनडीए का पुरजोर समर्थन करते हैं।
नीतीश कुमार ने तो ये तक कह दिया है कि जैसा पीएम नरेंद्र मोदी बोलेंगे, वैसा ही काम किया जाएगा। उन्होंने ये भी कहा कि शपथ ग्रहण भी जल्द हो जाना चाहिए था।
इतना ही नहीं, नीतीश कुमार ने तो पीएम मोदी के पैर भी छुए हैं। वहीं चंद्रबाबू नायडू ने गर्मजोशी से पीएम मोदी से हाथ मिलाया। ये दोनों वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ये भी पढ़ें- Lok Sabha Chunav: 'INDI ने देश को हिंसा की आग में झोंका', NDA की बैठक में जमकर गरजे नरेंद्र मोदी
NDA संसदीय दल की बैठक में क्या बोले नीतीश कुमार?
एनडीए संसदीय दल की बैठक में नीतीश कुमार ने कहा,
"बिहार के सभी लंबित काम अब पूरे किए जाएंगे। यह बहुत अच्छी बात है कि हम सभी एक साथ आए हैं और हम सभी आपके (पीएम मोदी) साथ मिलकर काम करेंगे। आप रविवार (9 जून) को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे, लेकिन मैं चाहता था कि आप आज ही शपथ लें। जब भी आप शपथ लेंगे, हम आपके साथ होंगे...हम सभी आपके नेतृत्व में मिलकर काम करेंगे...।''
नीतीश कुमार ने कहा कि, ''अगली बार, जब आप आए तो, कुछ लोग जो इधर उधर जीत गए हैं, अगली बार सब हारेंगे। हमको पूरा भरोसा है।''
NDA संसदीय दल की बैठक में क्या बोले एन चंद्रबाबू नायडू?
एनडीए संसदीय दल की बैठक में एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा,
"हम सभी को बधाई देते हैं, हमने शानदार बहुमत हासिल किया है। मैंने चुनाव प्रचार के दौरान देखा है कि 3 महीने तक पीएम मोदी ने कभी आराम नहीं किया। दिन-रात उन्होंने प्रचार किया। उन्होंने उसी भावना के साथ शुरुआत की और उसी भावना के साथ खत्म किया। आंध्र प्रदेश में हमने 3 जनसभाएं और 1 बड़ी रैली की और इसने आंध्र प्रदेश में चुनाव जीतने में बहुत बड़ा अंतर पैदा किया...।''
चंद्रबाबू नायडू ने कहा, "पीएम मोदी जी के नेतृत्व में ही भारत दुनिया में नंबर-1 बनेगा ये मुझे भरोसा है, हम प्रति व्यक्ति उच्चतम इनकम वाले देश बनेंगे''
कांग्रेस को क्यों थी TDP-JDU से उम्मीद?
543 लोकसभा सीटों में सरकार बनाने के लिए 272 सीटें चाहिए लेकिन बीजेपी को 240 सीटें ही मिली हैं। एनडीए के सहयोगी दल टीडीपी को 16 और जदयू को 12 सीटें मिली हैं और दोनों मिलकर नई सरकार में 28 सीटों का योगदान कर रहे हैं।
कांग्रेस को उम्मीद थी कि वो नीतीश और नायडू को मनाने में सफल होंगे। लेकिन फिलहाल ये सम्भव होता नहीं दिख रहा है। हालांकि कांग्रेस ने भी नीतीश और नायडू के लिए अपना दरवाजा खुला रखा है।












Click it and Unblock the Notifications