'Marvelous Mizoram': पीएम मोदी ने मिजोरम के लोगों से किए क्या चुनावी वादे? देखिए Video
मिजोरम विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की जनता से बीजेपी की सरकार बनने पर 'अद्भुत मिजोरम' बनाने का वादा किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया है कि केंद्र की बीजेपी की सरकार ने राज्य के विकास के लिए क्या सब कार्य किए हैं।
पीएम मोदी ने कहा है कि बीजेपी ने पूर्वोत्तर के राज्य को दिल्ली से जोड़ने के कार्य किए हैं। उन्होंने कहा है कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत राज्य के 1.70 किसानों को हर साल लाभ मिल रहा है और इस योजना के तहत प्रदेश के प्रत्येक किसानों के खातों में अबतक 28,000 रुपए की रकम सीधे पहुंच चुकी है।

मिजोरम के पास ग्लोबल टूरिस्ट हब बनने की क्षमता- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है, 'मिजोरम ऐसा राज्य है, जहां प्रकृति और संस्कृति दोनों है।' उन्होंने कहा कि 'इसके पास ग्लोबल टूरिस्ट हब बनने की क्षमता है। जब इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर होती है तो इससे ट्रेड, टैलेंट और टूरिज्म को मदद मिलती है।' पीएम मोदी ने वीडियो के माध्यम से राज्य के मतदाताओं को संबोधित किया है।
'बीजेपी सरकार की वजह से राज्य में सभी क्षेत्रों में क्रांति आई है'
उन्होंने कहा, 'इंफ्रास्ट्रक्चर से निवेश, उद्योग और आमदमी आती है और इससे अवसर भी पैदा होते हैं।' प्रधानमंत्री ने कहा, 'मिजोरम की पहले की एक यात्रा के दौरान मैंने ट्रांसपोर्टेशन के माध्यम से ट्रांसफॉर्मेशन के लिए काम करने का वादा किया था, तब से बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार के काम की वजह से सभी क्षेत्रों में एक क्रांति आई है...'
पीएम मोदी ने कहा, '....2013-14 तक पूर्वोत्तर में नेशनल हाइवे की कुल लंबाई 11,000 किलोमीटर थी, 2022-2023 में हमने इसे 16,000 किलोमीटर तक बढ़ाया है.....' प्रधानमंत्री ने कहा है कि मिजोरम के करीब 4.5 लाख लोगों को आयुष्मान भारत कार्ड दिए गए हैं। राज्य के लगभग 100 अस्पतालों में इस कार्ड के माध्यम से लोगों को मुफ्त इलाज मिल रहा है।
हम वंचितों को वरीयता देते हैं-प्रधानमंत्री
पीएम मोदी बोले कि 'हम वंचितों को वरीयता देते हैं। मिजोरम के जो जिले विकास में ज्यादा पीछे रह गए थे, उनके लिए भी हमने विशेष अभियान चलाया। मामित जिले में एडमिनिस्ट्रेटिव डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम की सफलता, जिलास्तर पर हमारे विकास का सबसे बड़ा प्रमाण है। अब विकास के पैरामीटर पर मामित दूसरे जिलों से भी अच्छा कर रहा है।' गौरतलब है कि पीएम मोदी की मामित में ही चुनावी रैली होने वाली थी, जो किसी वजह से रद्द कर दी गई थी।
बीजेपी अद्भुत मिजोरम बनाने के लिए प्रतिबद्ध-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा है कि 'बीजेपी अद्भुत मिजोरम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुझे विश्वास है कि इसे पूरा करने के लिए हमें आपका समर्थन और आशीर्वाद मिलेगा....' मिजोरम विधानसभा चुनाव के 7 नवंबर को मतदान होगा।












Click it and Unblock the Notifications