वाह रे राजनीति: लालू की नूर-ए-नजर मीसा भारती बनेंगी डिप्टी सीएम!
पटना। राजनीति एक ऐसा मंच है जहां ना कोई किसी का दुश्मन होता है और ना ही दोस्त। हालात के समीकरणों के आधार पर इंसान यहां दोस्त और दुश्मन बनाता है। इस समय बिहार में जिस तरह से सियासी दांव खेले जा रहे हैं उससे अंदाजा लगाना बेहद मुश्किल है कि आने वाले दिनों में राजनीति का कौन सा रूप बिहार में देखने को मिलेगा। फिलहाल हर दिन बिहार में एक नयी राजनीति चाल देखने को मिल रही है।
एक अंग्रेजी अखबार ने खबर दी है कि नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू और लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय लोक दल का विलय होना एकदम से तय हो गया है इसलिए बिहार के सीएम जीतन राम मांझी को भी बहुत जल्द सीएम पोस्ट से हटाया जा सकता है। कहा जा रहा है कि एक बार फिर से नीतीश कुमार सीएम बनेंगे और बिहार की डिप्टी सीएम की कुर्सी लालू प्रसाद यादव की कद्दावर बेटी मीसा भारती को दी जा सकती है।
मांझी का जाना तय, नीतीश दोबारा बन सकते हैं सीएम
अगर नीतीश कुमार सीएम नहीं बनते हैं तो उनकी जगह मुख्यमंत्री की कमान दलित नेता उदय नारायण चौधरी के हाथ में दी जा सकती है। कुल मिलाकर मांझी का जाना लगभग तय हो चुका है क्योंकि पार्टी मांझी के बड़बोलेपन और बेतूकेपन से बहुत ज्यादा परेशान है।
मांझी से नाराज नीतीश कुमार और जेडीयू
अखबार के हिसाब से 16 जनवरी तक मांझी को हटा दिया जाएगा। ऐसे में नीतीश कुमार का वापस सीएम बनना खतरे से खाली नहीं है क्योंकि मांझी को हटाने का मतलब महादलित वर्ग को नाराज करना है और दूसरी तरफ मीसा को उप मुख्यमंत्री बनाकर प्रदेश की जनता की नाराजगी भी उन्हें झेलनी पड़ सकती है। फिलहाल बिहार में सियासी दांव जारी है देखते हैं वहां का ऊंट किस करवट बैठता है।













Click it and Unblock the Notifications