'एक और करारा प्रहार, नक्सलवाद ले रहा है अंतिम सांस', नक्सल मुठभेड़ में मिली सफलता पर बोले गृहमंत्री अमित शाह
Chhattisgarh Naxal Encounter: छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर छत्तीसगढ़ पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा नक्सलियों के खिलाफ की गई मुठभेड़ में 16 नक्सली ढेर हो गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे बड़ी सफलता बताया है, तो वहीं एनसीपी ने भी इसका स्वागत किया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, नक्सलवाद पर एक और करारा प्रहार। हमारे सुरक्षा बलों ने नक्सल-मुक्त भारत बनाने की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल की है।

गृहमंत्री अमित शाह ने आगे लिखा कि CRPF, SoG ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस ने ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान 14 नक्सलियों को नष्ट कर दिया। हमारे नक्सल-मुक्त भारत के संकल्प और सुरक्षा बलों के संयुक्त प्रयासों के साथ, आज नक्सलवाद अपनी अंतिम सांस ले रहा है।"
वहीं एनसीपी की सांसद सुप्रिया सुले ने इस कार्रवाई पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि आतंकवाद के खिलाफ इस तरह के ऑपरेशनों में हम सभी सरकार के साथ एकजुटता से खड़े हैं, क्योंकि जब राष्ट्रीय सुरक्षा की बात आती है, तो हम सभी सरकार के साथ हैं।"
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की है उन्होंने लिखा कि गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना अंतर्गत कुल्हाड़ीघाट क्षेत्र में सुरक्षाबलों की नक्सलियों के साथ रविवार रात से अब तक जारी मुठभेड़ में 10 से अधिक नक्सलियों के मारे जाने की खबर है।
सीएम विष्णुदेव साय ने आगे लिखा कि मार्च 2026 तक देश-प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के संकल्प को मजबूती प्रदान करते हुए सुरक्षाबल के जवान निरंतर सफलता हासिल कर लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। जवानों को मिली यह कामयाबी सराहनीय है। उनकी बहादुरी को सलाम करता हूं।हमारी डबल इंजन की सरकार में निश्चित ही हमारा छत्तीसगढ़ मार्च 2026 तक नक्सलवाद से मुक्त होकर रहेगा।
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक बड़ी खबर आ रही है। यहां कुल्हाड़ी घाट के जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें सुरक्षा बलों ने 16 नक्सलियों को मार गिराया है। छत्तीसगढ़ पुलिस के अफसरों ने बताया कि छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ मुठभेड़ में 16 से अधिक नक्सली मारे गए। मुठभेड़ अभी भी जारी है। मुठभेड़ रविवार रात से शुरू हुई है,जो जारी है। इस ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने 16 नक्सलियों को मार गिराया है और उनके शव और हथियार बरामद किए। इस ऑपरेशन में कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हुआ, जिसे एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications