Me Too: यौन उत्पीड़न के आरोपों से घिरे एमजे अकबर दे सकते हैं पद और पार्टी से इस्तीफा
#MeToo के तहत यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिरे केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। अब तक करीब 7 महिलाओं ने विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर पर यौन उत्पीड़न और गलत व्यवहार का आरोप लगाया है।

नई दिल्ली। #MeToo के तहत यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिरे केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। अब तक करीब 7 महिलाओं ने विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर पर यौन उत्पीड़न और गलत व्यवहार का आरोप लगाया है। सूत्रों का कहना है कि जब तक अकबर का नाम यौन उत्पीड़न मामलों में साफ नहीं हो जाता, तब तक वो पार्टी और अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। एमजे अकबर फिल्हाल नाइजीरिया में हैं। कहा जा रहा है कि वापस देश लौटने के बाद वो इस्तीफा दे सकते हैं।

नाइजीरिया से लौट कर इस्तीफा देंगे अकबर?
एमजे अकबर पर कई महिला पत्रकारों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। जहां सरकार इस पूरे मामले पर अब तक चुप है, वहीं विपक्ष ने अकबर के इस्तीफे की मांग की है। इंडिया टुडे की खबर के अनुसार अपनी विदेश यात्रा से लौटने के बाद एमजे अकबर अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। अकबर फिल्हाल नाइजीरिया में हैं। एमजे अकबर निजी कारण बताकर पार्टी और पद से इस्तीफा दे सकते हैं। एमजे अकबर पर लगे आरोपों पर अभी तक न उन्होंने खुद और न ही पार्टी के किसी नेता ने कुछ बोला है।

अकबर पर लगे आरोपों पर भाजपा चुप
मेनका गांधी पहली मंत्री हैं जिन्होंने अकबर के खिलाफ जांच की मांग की थी। मेनका गांधी ने कहा था कि इस मामले की जांच होनी चाहिए। विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर के ऊपर कई महिला पत्रकारों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पत्रकारों का कहना है कि अकबर होटल रूम में उनका इंटरव्यू लिया करते थे, जहां उन्हें शराब और बिस्तर पर बैठने की पेशकश की जाती थी। एमजे अकबर ऐसे ही आरोप लगाते हुए एक महिला ने स्क्रॉल को बताया कि 1990 में वो जिस अखबार के संपादक थे, वहां ऑफिस में अधिकतर युवा लड़कियां ही थीं।

7 महिला पत्रकार लगा चुकी हैं आरोप
महिला ने बताया, 'सबसे अजीब बात थी कि वो अखबार में केवल युवा महिलाओं को नौकरी देते थे। वहां पुरुषों से ज्यादा युवा महिलाएं अधिक थीं और उसे 'अकबर का हरम' कहा जाता था। उसकी ऐसी छवि थी।' महिला पत्रकारों ने अकबर के व्यवहार को आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि न्यूजरूम में भी उनका बर्ताव गलत होता था। अब तक 7 महिला पत्रकार अकबर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications