भारत नहीं आ सकता, भीड़ लोगों को मार देती है, मेरी जान को खतरा- मेहुल चोकसी
नई दिल्ली। देश के कई बैंकों को करोड़ो रुपए का चूना लगाने वाले मेहुल चोकसी ने भारत नहीं आने की वजह यहां भीड़ द्वारा लोगों को मारना बताया है। उसने कहा है कि जिस तरह से हाल ही में लोगों को भीड़ द्वारा मारा गया है उसकी वजह से उसकी जान को खतरा है लिहाजा वह भारत वापस नहीं आएगा। आपको बता दें कि करोड़ों के फर्जीवाड़े के मामले में मेहुल चोकसी देश से बाहर है और उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हो चुका है।

जान को खतरा बताया
बुधवार को चोकसी ने मुंबई स्थित सीबीआई कोर्ट से गैर जमानती वारंट को रद्द किए जाने की अपील की थी, यह गैर जमानती वारंट चोकसी के खिलाफ अप्रैल और मई माह में जारी किया गया था, इसके पीछे की वजह बताया गया था कि चोकसी पंजाब नेशनल बैंक फर्जीवाड़ा मामले में कोर्ट में पेश नहीं हुआ था। अपनी याचिका में चोकसी ने भारत नहीं आने की वजह खुद की जान को खतरा बताया है।

भीड़ लोगों को मार देती है
चोकसी ने अपनी याचिका में कहा है कि भारत में पिछले कुछ दिनों में भीड़ द्वारा लोगों को मार दिया गया है, यही नहीं जेल में भी एक कैदी को लोगों ने जान से मार दिया, भीड़ द्वारा मारपीट के मामले पिछले कुछ दिनों में भारत में बढ़े हैं, लोग सड़क पर न्याय कर रहे हैं। इसमे आरोपियों को किसी से दिक्कत नहीं होती है क्योंकि भीड़ की कोई पहचान नहीं होती है, यही वजह है कि भारत में भीड़तंत्र बढ़ रहा है।

अपनी लोकेशन सार्वजनिक नहीं करुंगा
चोकसी ने कहा कि इसकी जान को खतरा है, लिहाजा वह अपनी लोकेशन को सार्वजनिक नहीं करना चाहता है। उसने पांच गुटों के नाम भी इस याचिका में बताएं हैं जो उसकी जान ले सकते हैं और इन लोगों के भीतर उसके खिलाफ गुस्सा भरा है। इसमे कई कर्मचारी भी हैं जिनकी सैलरी उसकी वजह से नहीं मिल पा रही है, कर्मचारियों का परिवार भी शामिल है, मकान मालिक, उधार लेने वाले, साथ ही जिन लोगों का पैसा बकाया है, उनके भीतर काफी गुस्सा है, यही नहीं चोकसी ने कहा कि जेल में भी उसे जान का खतरा है।

कई वजहें गिनाई
मेहुल चोकसी के वकील संजय अबॉट और राहुल अग्रवाल ने चोकसी के भारत नहीं आने की और भी वजहें गिनाई हैं। वकीलों का कहना है कि चोकसी की मेडिकल कंडीशन अच्छी नहीं है, उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया। चोकसी ने दावा किया है कि उसका मामला नीरव मोदी से बिल्कुल अलग है। इसी बीच एक अन्य आरोपी मनीष बोस्मानिया ने कोर्ट से जमानत के लिए याचिका दायर की है, सीबीआई ने उसे पीएनबी घोटाले में आरोपी के तौर पर गिरफ्तार किया था।












Click it and Unblock the Notifications