कैबिनेट फेरबदल की चर्चाओं के बीच मंत्रिपरिषद की 3 जुलाई को अहम बैठक, पीएम मोदी करेंगे अध्यक्षता
Ministers Council Meet: केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल की चर्चाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3 जुलाई को मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 3 जुलाई होने वाली बैठक दिल्ली के प्रगति मैदान के नवनिर्मित कन्वेंशन सेंटर में हो सकती है।
दरअसल, ऐसी चर्चाएं हैं कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले मोदी कैबिनेट में फेरबदल किया जा सकता है। ऐसे में 3 जुलाई की केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक भी काफी अहम है। जिसकी अध्यक्षता पीएम मोदी करेंगे।

इससे पहले बुधवार को पीएम मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया।
जानकारी के मुताबिक बैठक में जेपी नड्डा से राज्य स्तर सहित सरकार और भाजपा संगठन में संभावित बदलावों पर चर्चा हुई, क्योंकि पार्टी इस साल के अंत में होने वाले प्रमुख विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए तैयार है।
चुनावों की तैयारियों में बीजेपी
बता दें कि इस साल के अंत में राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव होने हैं। पिछले कुछ दिनों से शाह, नड्डा और भाजपा महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने संगठनात्मक और राजनीतिक मुद्दों पर कई दौर की चर्चा की है।
इधर, मंत्रिपरिषद की बैठक संसद के मानसून सत्र से कुछ दिन पहले होगी, जो जुलाई के तीसरे हफ्ते में शुरू होने की संभावना है। गौरतलब है कि करीब दो साल में मोदी कैबिनेट में कोई बड़ा फेरबदल नहीं हुआ है।
हाल ही में किरेन रिजिजू को बदला
हालांकि, मई में मोदी सरकार ने किरेन रिजिजू को कानून मंत्री के पद से हटा दिया था और उनकी जगह अर्जुन राम मेघवाल को नियुक्त किया था। इससे पहले जुलाई 2021 में कैबिनेट में एक बड़ा बदलाव किया गया था, जब मोदी सरकार से 12 मंत्रियों को हटा था और 17 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई थी।
कई हटे, नए जुड़े
पिछले फेरबदल में रविशंकर प्रसाद, हर्ष वर्धन, प्रकाश जावड़ेकर, रमेश पोखरियाल निशंक और संतोष गंगवार जैसे मंत्रियों को कैबिनेट से हटा दिया गया था। वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया, नारायण राणे, सर्बानंद सोनोवाल और अश्विनी वैष्णव जैसे नए लोगों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।












Click it and Unblock the Notifications