कर्नाटक: मेडिकल कॉलेज का छात्र घर में हाई-टेक तरीके से करता था गांजे की खेती, 3 आरोपी गिरफ्तार
कर्नाटक के शिवमोग्गा में हाई-टेक खेती तकनीकों का उपयोग करके घर पर भांग उगाने के आरोप में एक मेडिकल छात्र समेत तीन को गिरफ्तार किया गया है। कर्नाटक पुलिस ने कथित तौर पर घर में गांजा उगाने और उसे शिवमोग्गा के छात्रों को बेचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से गांजा, गांजा के बीज और चरस जब्त किया है और शिवमोग्गा ग्रामीण पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान विघ्नराज, पांडीदोराई और विनोद कुमार के रूप में हुई है।

इन आरोपियों पर कथित तौर पर छात्रों को गांजा और अन्य नशीले पदार्थ बेचने का आरोप है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए, शिवमोग्गा के एसपी मिथुन कुमार ने कहा, ''शिवमोग्गा में एक निजी मेडिकल कॉलेज का छात्र विघ्नराज अपने घर पर हाई-टेक खेती तकनीकों के साथ गांजा उगा रहा था। अन्य दो आरोपी उस गांजे को शहर में कॉलेज के छात्रों को बेचते थे।। हमने आरोपियों के पास से 227 ग्राम गांजा, 1.53 किलोग्राम कच्चा गांजा, 10 ग्राम चरस और गांजा के बीज वाली एक छोटी बोतल बरामद की है।''
बता दें कि इससे पहले जनवरी में, मंगलुरु शहर पुलिस ने भांग के सेवन और तस्करी के आरोप में मेडिकल छात्रों सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया और 2 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया था। सूचना के आधार पर, मंगलुरु पुलिस आयुक्त ने कहा कि मेडिकल और डेंटल कॉलेज के छात्र तटीय शहर में नशीली दवाओं की तस्करी में शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए लोग मंगलुरु में पीजी आवास अपार्टमेंट और हॉस्टल में रह रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications