देशभर में राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेसियों का मौन सत्याग्रह, बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप
Congress Maun Satyagraha: राहुल गांधी के समर्थन में बुधवार (12 जुलाई) को देशभर में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमाओं के सामने मौन सत्याग्रह किया। राहुल गांधी की अयोग्यता और गुजरात हाई कोर्ट के आदेश के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने एक दिन का मौन विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान देशके हर राज्य की राजधानी में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास कांग्रेसी मौन सत्याग्रह पर बैठे। पार्टी ने जहां राहुल गांधी की अयोग्यता के पीछे बीजेपी की 'घटिया चाल' को जिम्मेदार ठहराया। वहीं राहुल गांधी की आवाज को दबाने के लिए नए-नए पैंतरे आजमाने का भी आरोप लगाया।

यूपी में कांग्रेस का प्रदर्शन
राजधानी लखनऊ में शहीद स्मारक स्थित गांधी प्रतिमा के सामने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने एक दिन का मौन सत्याग्रह किया,जहां यूपी कांग्रेस कमेटी के नेताओं के साथ राज्यसभा में उप नेता प्रमोद तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा मोना, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लल्लन कुमार धरने पर बैठे।
Recommended Video
आवाज को दबाने की कोशिश- भूपेश बघेल
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी कांग्रेस ने मौन सत्याग्रह किया, जिसमें सीएम भूपेश बघेल शामिल हुए। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए सीएम बघेल ने कहा कि जनता की आवाज बुलंद करने वाले लोगों की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। इसके विरोध में कांग्रेस पार्टी के द्वारा सत्याग्रह का आयोजन किया गया, जिसमें यहां सभी जिलों के हमारे साथी आए। केंद्र सरकार दबाव में है।
लोकतंत्र के अंदर न्याय होना चाहिए-पायलट
इधर,राजस्थान की राजधानी जयपुर में राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस नेताओं ने मौन सत्याग्रह किया, जिसमें पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के साथ सचिन पायलट भी शामिल हुए। इस दौरान केंद्र पर निशाना साधते हुए पायलट ने कहा कि बात आज एक व्यक्ति विशेष की नहीं है ,बल्कि बात पूरे व्यवस्था को जिस प्रकार से दूषित किया जा रहा है और लोकतंत्र के अंदर न्याय होना चाहिए और खुलेपन से बात करनी की आजादी होनी चाहिए।
पायलट ने कहा कि अलग-अलग एजेंसी का दुरुपयोग किया जा रहा है, संस्था को कमजोर किया जा रहा है ये हमारे लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है इसी को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने देश को जागरूक करने के लिए एक दिन का मौन रखा है।
वहीं मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरू और गुवाहाटी सहित कई जगहों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मानहानि मामले में गुजरात उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ मौन विरोध प्रदर्शन किया।












Click it and Unblock the Notifications