Mann Ki Baat: महाकुंभ में पहली बार होगी AI चैटबॉक्स की सुविधा, PM मोदी ने सर्व समाज से की ये अपील
Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो प्रोग्राम 'मन की बात' (Mann Ki Baat) के जरिए जनता से खास अपील की। उन्होंने कह्का कि वे 2025 में आयोजित होने वाले महाकुंभ मेले में भाग लेते हुए समाज से विभाजन और नफरत की भावनाओं को समाप्त करने का संकल्प लें।
महाकुंभ, जो हर 12 साल में आयोजित होता है, 13 जनवरी से 26 फरवरी 2025 तक प्रयागराज में होने वाला है। प्रधानमंत्री ने 'मन की बात' के 117वें और 2024 के आखिरी एपिसोड को आज संबोधित किया।उन्होंने कहा कि कुंभ एकता का महाकुंभ है क्योंकि यहां कोई भेदभाव नहीं है और सब समान हैं।

इस दौरान पीएम ने कहा, "महाकुंभ 13 जनवरी से प्रयागराज में शुरू होने वाला है। संगम तट पर इसके लिए बड़े स्तर पर तैयारियां हो रही हैं। जब हम कुंभ में भाग लें, तो समाज में विभाजन और नफरत की भावनाओं को खत्म करने का संकल्प लें।"
ये भी पढ़ें: Maha Kumbh 2025 में 'महा ठगी', फर्जी वेबसाइट बनाकर श्रद्धालुओं से वसूली जा रही थी मोटी रकम, आप भी रहें सावधान
महाकुंभ 2025 में पहली बार AI चैटबॉट की सुविधा
प्रधानमंत्री ने बताया कि महाकुंभ के इतिहास में पहली बार, इस आयोजन में एआई चैटबॉट का उपयोग किया जाएगा। इसके माध्यम से 11 भारतीय भाषाओं में कुंभ से जुड़ी हर तरह की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा, "कुंभ में कोई भेदभाव नहीं है। कोई बड़ा नहीं, कोई छोटा नहीं। इसीलिए हमारा कुंभ, एकता का महाकुंभ भी है। श्रद्धालुओं को सरकारी टूर पैकेज, आवास और होमस्टे की जानकारी मोबाइल फोन पर उपलब्ध होगी।"
डिजिटल नेविगेशन और खोया-पाया सेंटर की सुविधा
महाकुंभ 2025 में डिजिटल नेविगेशन की सुविधा होगी, जिससे श्रद्धालु विभिन्न घाटों, मंदिरों और साधु-संतों के अखाड़ों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा, "डिजिटल नेविगेशन से आप पार्किंग स्थलों तक भी पहुंच पाएंगे। मेले के पूरे क्षेत्र में एआई-सक्षम कैमरे लगाए जा रहे हैं। अगर कोई कुंभ के दौरान अपने परिजनों से बिछड़ जाता है, तो इन कैमरों की मदद से उन्हें ढूंढने में आसानी होगी। श्रद्धालुओं को डिजिटल खोया-पाया सेंटर की सुविधा भी दी जाएगी।"
45 करोड़ से अधिक लोग करेंगे 'शाही स्नान'
महाकुंभ के मुख्य स्नान पर्व, जिन्हें "शाही स्नान" कहा जाता है, 14 जनवरी (मकर संक्रांति), 29 जनवरी (मौनी अमावस्या), और 3 फरवरी (बसंत पंचमी) को होंगे। इन दिनों में सबसे अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।महाकुंभ 2025 में 45 करोड़ से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
'मन की बात' का 117वां एपिसोड (Mann Ki Baat 117th Episode)
'मन की बात' प्रधानमंत्री मोदी का मासिक रेडियो कार्यक्रम है, जिसमें वे देशवासियों के साथ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हैं। यह कार्यक्रम हर महीने के आखिरी रविवार को प्रसारित होता है। इसकी शुरुआत 3 अक्टूबर 2014 को हुई थी और इसका उद्देश्य भारतीय समाज के विभिन्न वर्गों, जैसे महिलाएं, बुजुर्ग और युवा, से जुड़ना है।
ये भी पढ़ें: Maha Kumbh 2024: कौन हैं IPS Rajesh Dwivedi, जिनके कंधों पर होगी महा कुंभ मेले में सुरक्षा की जिम्मेदारी
'मन की बात' का प्रसारण
'मन की बात' 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के साथ 11 विदेशी भाषाओं में भी प्रसारित होता है, जिनमें फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तो, फारसी, दारी और स्वाहिली शामिल हैं। यह ऑल इंडिया रेडियो के 500 से अधिक केंद्रों पर प्रसारित होता है।












Click it and Unblock the Notifications